दिव्यांग बेटी प्रीति ने आइआइएम में सीट पक्की की
पलवल जिले की दिव्यांग बेटी प्रीति सिंह ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कोलकाता में एमबीए में अपनी सीट कंफर्म की है। भारत सरकार द्वारा स्थापित देश के पहले राष्ट्रीय संस्थान जिसके अंदर पोस्ट ग्रेजुएट स्तर पर मैनेजमेंट कोर्स कर आता है में प्रीति सिंह को प्रवेश मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है।
संवाद सहयोगी, पलवल: जिले की दिव्यांग बेटी प्रीति सिंह ने परीक्षा पास कर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आइआइएम) कोलकाता में एमबीए में अपनी सीट कंफर्म की है। केंद्र सरकार द्वारा स्थापित देश के पहले राष्ट्रीय संस्थान, जिसके अंदर पोस्ट ग्रेजुएट स्तर पर मैनेजमेंट कोर्स कर आता है, में प्रीति सिंह को प्रवेश मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है।
गांव गड़खेड़ा निवासी सेना से सेवानिवृत्त देवेंद्र सिंह की पुत्री प्रीति सिंह शारीरिक रूप से पूरी तरह दिव्यांग है और अपना पूरा कार्यकलाप व्हील चेयर की सहायता से परिपूर्ण करती है। परंतु प्रीति सिंह ने कभी भी अपने को मन से दिव्यांग नहीं समझा।
प्रीति सिंह ने प्रारंभिक शिक्षा दिव्यांग स्कूल से की। फिर केंद्रीय विद्यालय से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से चार्टेड अकाउंटेंसी की परीक्षा पास की। अब प्रीति सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत से इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कोलकाता में अपनी जगह सुरक्षित की है। वेटरंस इंडिया के जिला प्रधान ललित कुंडू व भूतपूर्व सैनिक कल्याण समिति के प्रधान कैप्टन बीएस पोसवाल ने प्रीति को बधाई दी है।