जलभराव से लोगों को हो रही परेशानी
शहर के नगर परिषद कार्यालय से महज कुछ मीटर की दूरी पर माल गोदाम रोड पर जलभराव ने यहां रहने वाले निवासियों दुकानदारों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जलभराव की यह समस्या बीते कई दिनों से बनी हुई है मगर ऐसा प्रतीत होता है कि नगर परिषद इस समस्या से अनजान बनकर बैठा है।
जागरण संवाददाता, पलवल: शहर के नगर परिषद कार्यालय से महज कुछ मीटर की दूरी पर माल गोदाम रोड पर जलभराव ने यहां रहने वाले निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जलभराव की यह समस्या बीते कई दिनों से बनी हुई है, मगर ऐसा प्रतीत होता है कि नगर परिषद इस समस्या से अनजान बनकर बैठा है।
माल गोदाम रोड पर जगह-जगह जलभराव है। शहर के शमशान घाट के ठीक सामने भी गंदा पानी भरा हुआ है। इस गंदे पानी से सबसे अधिक परेशान दुकानदार हैं। इस कारण उनकी दुकानदारी लगभग ठप सी हो गई है। लोगों का कहना है कि वह पानी निकासी के लिए कई बार जिम्मेदारों से गुहार लगा चुके हैं, परंतु उनके कान पर कोई जूं तक नहीं रेंगती। इस समय का जल्द समाधान करवाया जाए।
यह समस्या बीते कई दिनों से बनी हुई है। जलजमाव होने से अब लोग इस रास्ते पर आवागमन करने से भी कतराते हैं। इससे हमारी दुकानदारी लगभग ठप सी हो गई है।
- सन्नी गोयल, दुकानदार पानी के जमाव से हर किसी को परेशानी हो रही है। माल गोदाम रोड पर शमशान घाट के सामने भी पानी जमा है। यह शहर का मुख्य श्मशान घाट है।
- सोनू राणा, निवासी, माल गोदाम रोड लंबे समय से इस सड़क पर नाली और सीवरेज का गंदा पानी भरा हुआ है। जिस कारण यहां के बदबू, मच्छर और कीचड़ से परेशान हैं। इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराया जाए।
- मंदीप तायल, व्यापारी
यह मामला हमारे संज्ञान में आया है। जल्द ही इसका समाधान करवाया जाएगा और जल निकासी के इंतजाम किए जाएंगे। किसी को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
- मनोज यादव, ईओ, नगर परिषद