जासं, पलवल : लड़का पैदा न होने तथा दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालजनों पर फांसी लगाकर 27 वर्षीय विवाहिता सुधा की हत्या करने का आरोप लगा है। गदपुरी थाना पुलिस ने मृतका के पिता चंद्रपाल की शिकायत पर आरोपित पति, सास व ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद सभी आरोपित फरार हैं।
गांव दुर्गापुर निवासी चंद्रपाल ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने अपनी बेटी सुधा की शादी छह मई 2013 में गांव कलवाका निवासी राजकुमार के साथ की थी। शादी में उन्होंने हैसियत अनुसार दान-दहेज भी दिया था। लेकिन सुधा के ससुराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए तथा दहेज में तरह-तरह की मांग कर प्रताड़ित करने लगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार इसी बीच सुधा ने दो बेटियों को जन्म दिया तो ससुराल पक्ष के लोग लड़का न होने पर ताने देने लगे तथा मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार 30 अक्टूबर को सुधा के पिता चंद्रपाल को सूचना मिली की सुधा की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा, तो पता चला कि सुधा की हत्या पति राजकुमार, ससुर पालाराम व सास दुलारी ने गांव के सरपंच बाबूराम के कहने पर फांसी लगाकर की है। सुधा के ससुराल पक्ष के सभी लोग मौके से भी फरार हो गए थे। जांच अधिकारी उपदेश के अनुसार पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे