हथियार लहराते हुए युवक बोला, धरना दिया तो सभी को गोली से मार देंगे
जागरण संवाददाता पलवल शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गदपुरी टोल प्लाजा को हटाने के
जागरण संवाददाता, पलवल: शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गदपुरी टोल प्लाजा को हटाने के लिए चल रहे धरने में मौजूद नेताओं और ग्रामीणों को एक युवक ने हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। युवक ने हथियार लहराते हुआ धमकी दी कि अगर धरना दिया तो सभी को गोली से मार देंगे। इस दौरान धरने पर पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, पूर्व विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव रतन सिंह सौरोत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। वारदात के विरोध में 22 मई को टोल प्लाजा पर महापंचायत बुलाई गई है। गदपुरी थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गदपुरी थाना एसएचओ धर्मचंद के मुताबिक उन्हें शिकायत मिली है कि गदपुरी टोल प्लाजा पर सुबह 11 बजे टोल हटाओ संघर्ष समिति द्वारा दिए जा रहे धरने के दौरान एक युवक गाड़ी में अपने साथियों के साथ आया और हाथ में हथियार लहराते हुए धरने में मौजूद सभी को जान से मारने की धमकी दी। युवक ने कहा कि हम नेताओं को गोली से ठीक करना जानते हैं। अगर धरना किया तो सभी को गोली से मार देंगे।
टोल प्लाजा प्रबंधक के इशारे पर दी गई धमकी:
शिकायत में कहा गया है कि धमकी देने वाला युवक पृथला गांव का रहने वाला है। शिकायतकर्ताओं को शक है कि साजिश के तहत टोल प्लाजा प्रबंधक के इशारे पर यह वारदात हुई है। जिस वक्त यह वारदात हुई उस समय पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
इन लोगों ने दी शिकायत:
पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, पूर्व विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव रतन सिंह सौरोत, एडवोकेट ओम प्रकाश शर्मा, जगन डागर, गिरीश भारद्वाज, बिजेंद्र सिंह तेवतिया, तेजपाल शर्मा, किशन चंदावली समेत अन्य लोगों ने इस मामले में गदपुरी थाना पुलिस को शिकायत दी है।
थाने का किया घेराव:
आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने गदपुरी थाना का घेराव भी किया। मौके पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। कांग्रेस के पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा कि आंदोलन कर रहे लोगों और नेताओं को जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे सरकार के मंत्रियों और टोल चलाने वाली कंपनियों का हाथ है।
22 मई को बुलाई गई महापंचायत:
भारतीय राष्ट्रीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव रतन सिंह सौरोत ने बताया कि 22 मई रविवार को सुबह दस बजे इस वारदात के विरोध में एक बड़ी महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
आरोपित के घर पहुंचे पुलिसकर्मी:
गदपुरी थाना प्रभारी धर्म चंद के मुताबिक मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपित का नाम मोनू उर्फ कांडा है। आरोपित के घर पुलिस की टीम भेजी गई है।