किसानों की आय दोगुनी करने के लिए मोदी सरकार अग्रसर : गुर्जर
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रविवार को फरीदाबाद स्थित अपने कार्यालय में पलवल जिले के भाजपा पदाधिकारी व किसान मोर्चा युवा मोर्चा महिला मोर्चा ओबीसी मोर्चा अनुसूचित मोर्चा अल्पसंख्यक मोर्चा के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संबोधित किया।
जागरण संवाददाता, पलवल : केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रविवार को फरीदाबाद स्थित अपने कार्यालय में पलवल जिले के भाजपा पदाधिकारी व किसान मोर्चा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संबोधित किया। भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारी जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया के नेतृत्व में गए थे। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार वर्ष 2022 तक किसान की आमदनी दोगुना करने की राह में अग्रसर है तथा कृषि सुधार कानून उसी पहल का हिस्सा है। जिस स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को कांग्रेस लागू करने की बात करती रही, उसी स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू कर भाजपा ने किसान हित में ऐतिहासिक काम किया है।
इस मौके पर गुर्जर ने कार्यकर्ताओं व नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिवादन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी व संगठन के कार्य में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने तर्क एवं तथ्यों के आधार पर केंद्र व राज्य सरकार को किसान हितैषी बताते हुए दावा किया कि जो लोग स्वयंभू किसान बन रहे हैं, वो किसान नहीं बल्कि किसानों के भेष में हताश विपक्ष के लोग हैं। उन्होंने कहा कि किसान कभी भी राजद्रोह नहीं कर सकता, पुलिस और सेना के लोगों पर ट्रैक्टर नहीं चढ़ा सकता, तिरंगा हटाकर कोई दूसरा झंडा नहीं लगा सकता, लेकिन किसानों की आड़ में कुछ विघटनकारी ताकतें देश को कमजोर करने की साजिश रच रही हैं। गुर्जर ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह लोगों के बीच जाकर उन्हें यथार्थ स्थिति से अवगत कराएं। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजेन्द्र बैंसला व वीरपाल दीक्षित ने किया। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि भूपराम पाठक, राजीव कत्याल, मीडिया प्रभारी ईश्वर सिंह, हेमदत्त पाठक, रश्मि सहरावत, देवांशु गौड़, सुंदर सरपंच, जयराम प्रजापति, डा. यशपाल, ताहिर खान, हरेंद्र, जगप्रिय, हरवीर सरपंच, हेमराज तंवर, जगवीर चौहान, विश्वास, बिदु ढकोलिया, आशा, अशोक राजपूत, अनिल कौशिक, राजेंद्र तंवर, बुधराम रावत, सुरेंद्र तंवर, योगी ठाकुर, सुरेश आंनद, ओमबीर, परमिदर सिंह, भारत भूषण, नितिन शर्मा, जुगल बैंसला मुख्य रूप से मौजूद रहे।