आजादी की लड़ाई में 1857 की क्रांति का सबसे अहम योगदान
जिला मुख्यालय के बस स्टैंड पर सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग डिजिटल प्रदर्शनी युवाओं को प्रदेश के गौरवमय इतिहास से रूबरू करा रही है। देश के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा का योगदान थीम पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी का बुधवार को उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने अवलोकन किया।
संवाद सहयोगी, नूंह: जिला मुख्यालय के बस स्टैंड पर सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग डिजिटल प्रदर्शनी युवाओं को प्रदेश के गौरवमय इतिहास से रूबरू करा रही है। देश के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा का योगदान थीम पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी का बुधवार को उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने अवलोकन किया। आजादी के अमृत महोत्सव के 75 वर्ष पूरे होने पर स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा के योगदान पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी में सार्थक संदेश के साथ आमजन को जागरूक किया जा रहा है। कैप्टन शक्ति सिह ने अवलोकन करते हुए कहा कि भारत को आजादी दिलवाने के लिए 1857 की क्रांति का सबसे अहम योगदान था। जिसमें हरियाणा वासियों ने अपनी अतुलनीय भागीदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई का बिगुल सबसे पहले 1857 में बजा था और देश के महान क्रांतिकारियों के बलिदान और योगदान से ही भारत को 1947 में आजादी मिली थी।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाई जा रही है। हरियाणा प्रदेश ने भी इसमें बढ़चढ़ कर भाग लिया है और देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को अनूठे ढंग से मनाने के लिए प्रदेश भर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इस प्रदर्शनी में जहां देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर बलिदानियों के जीवन की गौरव गाथा को दर्शाया गया है। वहीं देश की आजादी व हरियाणा प्रदेश के गठन के बाद हुई प्रगति को भी प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे इस प्रदर्शनी का अवलोकन जरूर करें और राष्ट्र भक्ति से जुड़कर देश की प्रगति और खुशहाली में अपना योगदान दें।
जन संपर्क एवं भाषा विभाग की पहल की प्रशंसा की: कैप्टन शक्ति सिंह ने सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग की इस अनूठी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से देश के स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, राजा-महाराजाओं के योगदान को अभिलेखों के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस डिजिटल प्रदर्शनी को देख देश की आजादी में योगदान देने वाले वीरों के जीवन से जुड़ी अहम जानकारी प्राप्त करें। इस अवसर पर सीटीएम जयप्रकाश सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।