बेसहारा पशु बन रहे हादसों का सबब
यहां के गुरुग्राम-अलवर हाईवे सहित अन्य मार्गों पर घूमते बेसहारा पशुओं से शहर के लोग परेशान हैं।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका: यहां के गुरुग्राम-अलवर हाईवे सहित अन्य मार्गों पर घूमते बेसहारा पशुओं से शहर के लोग परेशान हैं। बेसहारा पशुओं से जहां लोग परेशान हैं, वही हाईवे पर इनके कारण आए दिन हादसे भी देखने को मिल रहे हैं। स्थानीय प्रशासन अपने स्ट्रे कैटल फ्री अभियान को लेकर गंभीर नहीं है, जिससे क्षेत्र के लोगों में स्थानीय प्रशासन के प्रति नाराजगी व्याप्त है।
बता दें कि यहां के राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर इस समय पशुओं ने आतंक मचा रखा है। एक तरफ पशु जहां आमजन के लिए सिर दर्द का पर्याय बने हुए हैं, वहीं हाईवे पर इनकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं भी सामने आ रही हैं। बीते दिन पहले एक कार के सामने अचानक पशु आने की वजह से हादसा हो गया, जिसमें कार सवार तीन लोग घायल हो गए।
इससे भी पहले इस प्रकार की चार से पांच दुर्घटनाओं में 6 लोग घायल हो गए थे। निरंतर हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय प्रशासन बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। क्षेत्रीय निवासी इलियास मलिक, संजय जैन, नीरज पाहुजा, जुनैद मलिक, रमेश चंद आदि का कहना है कि सरकार एवं गौ सेवा आयोग द्वारा कई बार जिला प्रशासन को आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए कहा गया लेकिन जिला प्रशासन के अधिकारी इस बारे में ध्यान नहीं दे रहे, जिससे बेसहारा पशु लोगों की परेशानी का सबब बने हुए हैं। उपरोक्त संदर्भ में जल्द ही एक टीम बनाकर कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों के पशु हाईवे पर घूम रहे हैं, उनके लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके अलावा बेसहारा पशुओं को गोशाला में भिजवाने का प्रबंध किया जाएगा।
- विक्रांत जेई, नगर पालिका फिरोजपुर झिरका