नहीं मिल रहा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
नगर पालिका के अधिकारियों की बेपरवाही के चलते प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र नगर पालिका के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
संवाद सहयोगी, पुन्हाना: नगर पालिका के अधिकारियों की बेपरवाही के चलते प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र नगर पालिका के चक्कर काटने को मजबूर हैं। करीब 1 वर्ष से प्रयास करने के बाद पुन्हाना के लोगों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मंजूरी के 2 वर्ष बाद भी लोगों को मकान बनाने के लिए पहली किस्त जारी नहीं की गई है, जिससे लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति भारी रोष है। वहीं लोगों ने उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा से योजना का लाभ दिलाने के लिए गुहार लगाई है।
समीम अहमद, रमजान, नबाव, हेमराज मेहता, रमजान व रहीसन सहित लोगों ने बताया कि उन्होंने करीब 3 वर्ष पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया था, जिसको मंजूरी भी मिल गई थी। इसके बाद योजना के तहत प्लाट का नक्शा बनवाने के साथ ही अन्य सभी जरूरी कागजात भी नगर पालिका में जमा करा दिए थे।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों द्वारा उनके प्लाटों का सर्वे भी किया गया था। योजना के तहत मंजूर राशि भी नगर पालिका के पास काफी समय पहले ही आई हुई है, लेकिन इसके बाद भी मकान बनाने के लिए उनको पहली किस्त भी अभी तक नहीं दी गई है। इससे वे बरसात के मौसम में भी बिना छत के रहने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि वे लोग योजना के लाभ के लिए पिछले 1 वर्ष से नगर पालिका के चक्कर काट रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाकर गरीब लोगों का कल्याण कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों की मनमानी व लापरवाही के चलते लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। योजना के तहत आवेदन करने वाले पात्र लोगों की फाइल वैरीफाई कराई जा रही है। जल्द ही पात्र लोगों को योजना के तहत पहली किस्त जारी कर, समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
- रूबीना बेगम, चेयरपर्सन नगर पालिका पुन्हाना।