जिले की चारों नगर पालिका सचिव विहीन
जिले की चारों नगर पालिकाओं में सचिव नहीं होने से एक ओर जरूरतमंद परेशान हैं तो वहीं दूसरी ओर विकास कार्य भी ठप पड़े हैं।
जागरण संवाददाता, नूंह: जिले की चारों नगर पालिकाओं में सचिव नहीं होने से एक ओर जरूरतमंद परेशान हैं तो वहीं दूसरी ओर विकास कार्य भी ठप पड़े हैं। वेतन नहीं मिलने से सफाईकर्मियों में नाराजगी है। साथ ही काम प्रभावित होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। जिला प्रशासन ने जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
बता दें कि जिले की नूंह, तावड़ू, पुन्हाना और फिरोजपुर झिरका नगर पालिका में बिना सचिव के काम काज ठप पड़े हैं। परिणाम स्वरूप यहां के कर्मचारियों को न तो समय पर वेतन मिल पा रहा है और न ही यहां किसी नए कार्य की योजना सिरे चढ़ रही है। बिना सचिव के कार्यालय में लोगों को वैवाहिक प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र व रिहायसी प्रमाण-पत्र आदि के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के विकास कार्य ठप होने से सड़क और नालियों का निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
नूंह नगरपालिका में बीते 22 अक्टूबर से सचिव का पद खाली पड़ा है। वहीं, नगर पालिका अभियंता पंकज ढांडा के जाने के बाद से उनका भी पद खाली पड़ा है।
वहीं, तावडू में भी नगर पालिका में कई सप्ताह से सचिव नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। करीब तीन सप्ताह पूर्व यहां सचिव का काम संभाल रहे पंकज जून का स्थानांतरण सफीदों कर दिया गया है। अब उनके चले जाने से शहरवासियों को अपने बिजली व पानी के कनेक्शन के लिए भी इंतजार करना पड़ रहा है। - नगर पालिका में सचिव नहीं होने की जानकारी संज्ञान में है। जल्द ही इसका समाधान होगा। अभी वैकल्पिक व्यवस्था करने के साथ ही शासन से बात कर स्थायी रूप से समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
- धीरेंद्र खड़गटा, उपायुक्त, नूंह - सचिव नहीं होने से सफाई कर्मचारियों को एक माह से वेतन नहीं मिला है। इसके बावजूद भी सफाई के काम में कोई कमी नहीं आने दे रहे हैं। अधिकारियों से मुलाकात की है। उन्होंने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
- मीना प्रधान, सफाई दारोगा, नूंह - लोगों की परेशानी को देखते हुए उपायुक्त एवं प्रशासन से बात कर सचिव की तैनाती की मांग की जा चुकी है। जल्द ही समस्या का समाधान होने का आश्वासन मिला है। उम्मीद है कि जल्द ही जरूरतमंद लोगों की परेशानी दूर होगी।
- सीमा सिगला, चेयरपर्सन, नगर पालिका, नूंह - लोगों की समस्याओं को देखते हुए हमने वरिष्ठ अधिकारियों से यहां सचिव भेजने की गुहार लगाई थी। अब विनय कुमार को दो दिन के लिए यहां का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इस दौरान सभी कार्य निपटा लिए जाएंगे।
- मनीता गर्ग, चेयरपर्सन नपा, तावडू