दिल्ली पुलिस ने मेवात में दबिश देकर मोबाइल शोरुम तोड़ने वाले दो आरोपितों को दबोचा
दिल्ली के सरिता विहार थाने के एएसआई तेजेंद्र सिंह ने बताया कि सरिता विहार थाना क्षेत्र में एक मोबाइल शोरुम तोड़कर कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इसी चोरी मामले में गिरफ्तारी हुई है।
फिरोजपुर झिरका, नूंह-मेवात, [अख्तर अलवी]। दिल्ली के सरिता विहार इलाके में मोबाइल शोरुम तोड़कर लाखों के मोबाइलों पर हाथ साफ करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शनिवार को मेवात के गांव अगोन में दबिश देकर धर दबोचा। आरोप है कि उक्त दोनों आरोपित उपरोक्त वारदात में शामिल थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए इन्हीं की गिरोह के एक अन्य आरोपित की निशानदेही पर पुलिस उक्त दोनों आरोपितों तक पहुंच सकी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई। पहले से गिरफ्तार आरोपित भी मेवात के एक गांव का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के सरिता विहार थाने के एएसआई तेजेंद्र सिंह ने बताया कि सरिता विहार थाना क्षेत्र में एक मोबाइल शोरुम तोड़कर कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। उपरोक्त चोरी की वारदात के संदर्भ में पुलिस निंरतर मामले की जांच पड़ताल में लगी हुई थी।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों तथा मोबाइल लोकेशन सहित अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई तो शक की सूई मेवात की तरफ दौड़ी। पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली के सरिता विहार मोबाइल शोरुम तोड़ने वाले अभियुक्त मेवात के गांव अगोन में छिपे बैठे हैं। पुलिस के 15 से 20 जवानों ने हरियाणा पुलिस के जवानों के साथ मिलकर गांव से दो आरोपितों को धर दबोचा। जांच पड़ताल के लिए आरोपितों को दिल्ली लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। चोरी किए गए मोबाइलों की तलाश की जा रही है।