अरावली क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए पेट्रोलिग बढ़ाएगी वन विभाग की टीम
अख्तर अल्वी फिरोजपुर झिरका हरियाणा के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए वन विभा
अख्तर अल्वी, फिरोजपुर झिरका हरियाणा के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए वन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। विभाग ने घाटा शमशाबाद, रीगढ़, बसईमेव, रवा, बघोला, नहारिका, चित्तौड़ा, मंहू और झिमरावट आदि गांवों से लगते अरावली क्षेत्र में गैरकानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पेट्रोलिग करने का निर्णय लिया है। स्थानीय विभाग द्वारा ऊपरी अधिकारियों के आदेश पर शुरू की गई पेट्रोलिग के पहले दिन टीम ने कई खनन माफियाओं को अवैध खनन करते हुए भी पकड़ा है। इनपर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। वन विभाग द्वारा शुरू की गई पेट्रोलिग से खनन माफियाओं में हडकंप मचा हुआ है।
बता दें कि हरियाणा के अरावली क्षेत्र में अवैध खनन के मामले निरंतर सामने आ रहे हैं। उपरोक्त क्षेत्र में अवैध खनन कर उजाड़ी जा रही हरीभरी पर्वत श्रृंखलाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहले ही नाराजगी जता चुका है। उच्च न्यायालय के आदेशों पर कार्रवाई करते हुए तथा अरावली क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए वन विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से इसे रोकने की शुरुआत की है। फिरोजपुर झिरका के वन विभाग ने इसके लिए कई टीमों को तैनात कर अरावली के रकबे में पेट्रोलिग करना शुरू कर दिया है। विभाग द्वारा अवैध खनन करने वाले माफियाओं पर शिकंजा कसा जा रहा है। वन विभाग फिरोजपुर झिरका के रेंजर अफजल हुसैन ने बताया कि हम इस संबंध में योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने में जुटे हुए हैं। किसी भी सूरत में हरियाणा के अरावली क्षेत्र में अवैध गतिविधियां नहीं होने दी जाएगी।
पैमाइश न होने का फायदा उठा रहे हैं खनन माफिया: अरावली पहाड़ों में अवैध खनन होने का रोग पुराना है। इसपर पूर्णत: अभी तक प्रतिबंध नहीं लगा है। दरअसल सीमा विवाद भी इसमें मुख्य वजह है। हाल ही में अवैध खनन के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने हरियाणा के अरावली रकबे की पैमाइश कराने की बात कही थी, लेकिन अभी तक यह बात सिरे नहीं चढ़ी है। पैमाइश न होने का फायदा यही माफिया आजकल उठा रहे हैं। वहीं जिन गांवों में वन विभाग ने पेट्रोलिग करनी शुरू की है, उनसे राजस्थान सीमा का अरावली रकबा भी लगा हुआ है। इसी जगह पर सबसे ज्यादा अवैध खनन होता है। सूत्र बताते हैं कि पहाड़ की दूसरी ओर बसे एक गांव का नेता हरियाणा सीमा में धड़ल्ले से अवैध खनन का कार्य कर रहा है। इसके राजस्थान की कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री से मजबूत रिश्ते बताए जा रहे हैं। ऐसे में मंत्री के संरक्षण में यह नेता यहां बेखौफ खनन कायरें को अंजाम दे रहा है।