कर्मचारी यूनियन ने दिया मांग पूरी करने का दस दिन का अल्टीमेटम
हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी वर्कर्स यूनियन ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंडल अटेली के कार्यकारी अभियंता को मांग पत्र देकर फील्ड कर्मचारियों की समस्या के समाधान की मांग की है।
संवाद सहयोगी, मंडी अटेली: हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी वर्कर्स यूनियन ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंडल अटेली के कार्यकारी अभियंता को मांग पत्र देकर फील्ड कर्मचारियों की समस्या के समाधान की मांग की है। हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी वर्कर्स ब्रांच कनीना के प्रधान प्रमोद कुमार व जिला सर्व कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष एवं ब्रांच कनीना सचिव राजेश कलवाड़ी ने कार्यकारी अभियंता के नाम शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया कि फील्ड कर्मचारियों की समस्या के बारे में कार्यकारी अभियंता को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अधिकारी कर्मचारियों को नाजायज परेशान कर रहे है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 31 जनवरी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो यूनियन आर-पार का आंदोलन शुरू करेगी। इसकी जिम्मेवारी अधिकारी की होगी। उन्होंने समस्या बताते हुए कहा कि कार्यालय में तीन महीने से डाक लंबित है। सेल व साबुन का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। रिटायरमेंट कर्मचारियों की एलटीसी का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों के कैश-लैस मेडिकल नहीं दिया गया। स्टाफ क्वाटरों की छतों की मरम्मत तक नहीं करवाई जा रही है। दौंगड़ा अहीर साइट के आउट सोर्सिंग कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं दिया गया है।