टावर लगाने के नाम पर ठगी करने के दो आरोपित गिरफ्तार
जिले के अटेली थाना पुलिस ने एक ऐसे ठग गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है जिसने लोगों को टावर लगाने के नाम पर ठग लिया।
संवाद सहयोगी, अटेली: जिले के अटेली थाना पुलिस ने एक ऐसे ठग गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसने लोगों को टावर लगाने के नाम पर ठग लिया। महेंद्रगढ़ में जब इस गिरोह ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया तो वह जिला पुलिस के निशाने पर आया और फिर पुलिस ने तकनीक की सहायता से जांच करते हुए आरोपित का पता लगाकर उसे धर दबोचा। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपित को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पूछताछ में अन्य जालसाजों का खुलासा हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस के अनुसार आरोपित हिमांशु वासी हीरा नगर अंबाला और आरोपित मनेंद्र हिसार के उत्तम नगर का रहने वाला हैं। इन्होंने अटेली के गांव दुलोठ निवासी हरिओम नाम के शख्स से फोन के जरिए संपर्क कर उसकी जमीन पर मोबाइल टावर लगवाने का झांसा दिया था। कई बार हुई बातचीत के बाद हरिओम जालसाजों के जाल में फंस गया था। आरोपितों ने उससे ऑनलाइन करीब एक लाख इक्यासी हजार रुपए ठग लिए थे।
पुलिस ने मामले में आरोपित हिमांशु को अंबाला से गिरफ्तार कर पूछताछ की। जिसमें आरोपित ने अपने साथी मनेंद्र का नाम बताया। इस पर पुलिस ने दबिश देते हुए आरोपित मनेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित हिमांशु को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आरोपित मनेंद्र को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपित से वारदात को अंजाम देने में शामिल ओर जालसाजों के बारे में पूछताछ की जाएगी।