मांगों को लेकर आशा वर्करों का प्रदर्शन
विभिन्न मांगों व समस्याओं को लेकर हड़ताल पर चल रहीं आशा वर्करों ने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काम छोड़कर प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, सतनाली: विभिन्न मांगों व समस्याओं को लेकर हड़ताल पर चल रहीं आशा वर्करों ने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काम छोड़कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आशा वर्करों को संबोधित करते हुए यूनियन की जिला प्रधान संतोष व खंड प्रधान किरण देवी ने कहा कि सरकार व विभाग आशा वर्करों की अनदेखी कर रही है। उनकी मांगों व समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। एक ओर सरकार उन्हें कोरोना योद्धा बताकर उनके सम्मान में ताली व थाली बजवा रही है। वहीं दूसरी ओर उनकी मांगों को अनसुना किया जा रहा है।
उन्होंने सरकार से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए सरकारी स्वास्थ्य के ढांचे को मजबूत करने, कोरोना में कार्य कर रहीं आशाओं को जोखिम भत्ते के तौर पर चार हजार रुपये देने, गंभीर रूप से बीमार एवं दुर्घटना की शिकार आशाओं को सरकार के पैनल अस्पतालों में इलाज की सुविधा देने, आशाओं को सामुदायिक स्तरीय स्थाई कर्मचारी का दर्जा देने तथा जब तक उन्हें पक्का कर्मचारी नहीं बनाया जाता तब तक न्यूनतम वेतन देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इस मौके पर जिला सचिव कमलेश, सुशीला, सुदेश, ऊषा, कविता, फूलपति, संगीता, नीलम, उर्मिला, गीता, आशा, मनोज, मीना आदि आशा वर्कर मौजूद रही।