प्रभातफेरी में श्रीकृष्ण जन्म की दिखाई झांकी
हर वर्ष की भांति इस बार भी जन्माष्टमी पर शहर में प्रभातफेरी निकाली।
जासं, नारनौल: हर वर्ष की भांति इस बार भी जन्माष्टमी पर शहर में प्रभातफेरी निकाली। इसमें आगे वसुदेव के रूप में सूरज कौशिक अपने सिर पर टोकरी में श्रीकृष्ण को उठाए हुए थे। लोगों ने जगह जगह उनका स्वागत किया। सुबह करीब पांच बजे हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैयालाल के जयकारों के साथ माहौल भक्तिमय कर दिया। प्रभातफेरी महावीर चौक, विश्रामगृह, पुलिस लाइन रोड आदि मार्ग से होते हुए करीब पांच किलोमीटर तक यात्रा की। नारनौल स्थित प्राचीन व प्रसिद्ध चामुंडा मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के जिला युवा अध्यक्ष जितेश बंसल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अत्याचार को दूर करने के लिए जन्म लिया। इस मौके पर अशोक कुमार, गौरव प्रधान, चिन्मय शर्मा, मोहित सैनी, साहिल सैनी, अभिषेक शांडिल्य आदि युवाओं ने भाग लिया।