गांव पटीकरा में किया पौधारोपण
म्हारा हरियाणा हरा भरा हरियाणा अभियान के तहत बुधवार को गांव पटीकरा में पौधारोपण किया।
जागरण संवाददाता, नारनौल : म्हारा हरियाणा हरा भरा हरियाणा अभियान के तहत बुधवार को गांव पटीकरा में सहकारी कृषि समिति बिक्री केंद्र के प्रांगण में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव ने पौधारोपण किया। इस मौके पर राज्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य को हर साल पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए। बदलते पर्यावरण के चलते पौधारोपण बहुत जरूरी है। इससे पर्यावरण का संतुलन बना रहेगा। उन्होंने कहा कि पौधे बड़े होकर हमें फल-फूल व कई प्रकार की औषधी प्रदान करते हैं। बरसात के मौसम में पौधे जल्दी लगते हैं। पेड़-पौधों के बिना जानवरों व मनुष्यों का अस्तित्व खतरे में है। पेड़ पर्यावरण का एक अनिवार्य हिस्सा है। धरती पर पौधों व पेड़ों के अस्तित्व के बिना मनुष्य का जीना दूभर हो जाएगा, क्योंकि पेड़ पौधे ही हमें ऑक्सीजन देते हैं। कार्यक्रम में नवयुवक सेवा दल का विशेष योगदान रहा। नवयुवक सेवा दल की तरफ से पांच ट्री सेफ्टी गार्ड भी पौधों की रक्षा के लिए लगाए गए। इस दौरान नीम, पीपल, बरगद, अनार, जामुन, शीशम सहित अनेक पौधे लगाए गए। इस मौके पर सेवा दल के प्रधान योगेश त्यागी, रोहताश चेयरमैन, प्रकाश यादव, कंवर सिंह पंच, इंद्र सिंह, दयानंद यादव, उपेंद्र वशिष्ठ, जयसिंह मास्टर, राकेश यादव, राम अवतार यादव, विनोद कुमार, विपिन कुमार उपवन संरक्षक महेंद्रगढ़ व रजनीश कुमार रेंज फोरेस्ट ऑफिसर आदि उपस्थित थे।