मारपीट छीना झपटी के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार
थाना सदर महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम ने मारपीट कर मोबाइल और नकदी छीनने के मामले में एक आरोपित को रविवार को गिरफ्तार किया है।

संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़ : थाना सदर महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम ने मारपीट कर मोबाइल और नकदी छीनने के मामले में एक आरोपित को रविवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुनील निवासी नांगल हरनाथ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित सुनील महेंद्रगढ़ क्षेत्र से पकड़ कर गिरफ्तार किया है। आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव नांगल हरनाथ क्षेत्र में मारपीट कर पैसे और मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपित को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित रविकांत निवासी बचीनी महेंद्रगढ़ ने थाना सदर महेंद्रगढ़ में चार नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ मारपीट कर फोन और नकदी छीनने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ युवकों ने उसको फोन कर गांव नांगल हरनाथ में बुलाया और वहां पर पहुंचने के बाद डंडों और लोहे की राड से हमला कर फोन व पैसे छीन कर भाग गए। शिकायतकर्ता ने चार नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जिस पर थाना सदर महेंद्रगढ़ में मामला दर्ज किया गया। मामले में जांच करते हुए थाना सदर महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम ने रविवार को वारदात को अंजाम देने में शामिल एक आरोपित सुनील को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जांच करते हुए पता लगाया कि गिरफ्तार किया गया आरोपित आपराधिक प्रवृति का है, जिसके खिलाफ पहले भी मारपीट, छीना झपटी और आर्म्स एक्ट के तहत करीब आठ मामले दर्ज हैं। आरोपित को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपितों से वारदात के बारे में और उनके साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
Edited By Jagran