Coronavirus: नारनौल में मिला एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 5
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते ही जा रहे हैं। जिले में अब पॉजिटिव केसों की संख्या पांच हो गई है।
नारनौल [राजकुमार]। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते ही जा रहे हैं। जिले में अब पॉजिटिव केसों की संख्या पांच हो गई है। रविवार को एक और व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि रेलवे पुलिस के एक जवान के ससुर की रिपोर्ट नेगेटिव आना जिले के लिए राहत की सूचना लेकर आई है, मगर अभी खतरा टला नहीं है और पाॅजिटिव केसों की ट्रेवल हिस्ट्री के आधार पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा तलाश एवं जांच जारी हैं।
जवान के ससुर की रिपोर्ट आई निगेटिव
गत पांच मई को दिल्ली के दयागंज से नारनौल आए रेलवे पुलिस के जवानों की सात मई को कोरोना की जांच की गई थी। उस दिन दिल्ली से लौटे एक अन्य युवक के साथ-साथ रेलवे पुलिस के एक जवान की भी जांच की गई थी। कल शनिवार तक दिल्ली से नारनौल आए चारों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी, लेकिन रविवार को जवान के ससुर की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
जारी है परेशानी का दौर
इससे हुडा काॅलोनी में बने न्यू हाउसिंग बोर्ड में रह रहे लोगों की आफत तो खत्म नहीं हुई है, मगर खामपुरा के लोगों को जरूर राहत की सांस मिल गई है। सात मई को ही महेंद्रगढ़ के भी एक व्यक्ति का सैंपल लिया गया था, उसकी रिपोर्ट रविवार को आई है, जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया है। इन सभी को आइसोलेट किया गया है। इससे जिलावासियों की परेशानी बढ़ गई है।
रेड जोन की तरफ बढ़ रहा जिला
लॉकडाउन में करीब डेढ़ महीने तक ग्रीन जोन में शामिल रहा जिला महेंद्रगढ़ के लिए खतरे की घंटी बजना अभी बंद नहीं हुई है। आए दिन अब एक-एक करके पॉजिटिव केस सामने आने लगे हैं। ऐसे में ग्रीन जोन से ऑरेंज जोन में शामिल हो गए इस जिले के कदम रेड जोन की तरफ बढ़ने शुरू हो गए हैं। जब 25 केस पूरे जो जाएंगे, तब यह रेड जोन में शामिल कर दिया जाएगा। ऐसे में लोगों के पास खुद को सुरक्षित रखना एक चुनौती बनता जा रहा है।
रेड जोन से बचने के लिए सघन जांच अभियान जारी
कोरोना संक्रमण काल में पॉजिटिव केसों की बढ़ती संख्या के चलते स्वास्थ्य विभाग सुरक्षा के मानदंड तो अपना ही रहा है। साथ में सघन जांच अभियान भी चलाए हुए हैं। इसमें सबसे बड़ा योगदान लोगों काे खुद की सुरक्षा का जिम्मा पूरी गंभीरता से लेने एवं हिदायतों का पालन करने की आवश्यकता है। पॉजिटिव केस एरिया में जहां सैनिटाइज किया जा रहा है, वहीं उस एरिया में आवागमन रोकने के लिए सीलिंग भी की जा रही है, ताकि इस संक्रमण का और ज्यादा प्रसार होने से रोका जा सके।
टेस्ट की है फ्री सुविधा
कोरोना का टेस्ट सरकारी अस्पताल में फ्री किया जा रहा है। इसके अलावा मोबाइल टीमें भी यह टेस्ट करने में लगी हुई हैं। रैपिट टेस्ट का भी सहारा लिया जा रहा है। रविवार को 50 टेस्ट गले एवं नाक के साथ-साथ 13 की जांच रैपिड किट के जरिए की गई। गला एवं नाक के टेस्ट में 25 नारनौल, महेंद्रगढ़ व नांगल चौधरी में 9-9 तथा अटेली में सात की जांच की गई। कोविड-19, इंफ्लूएंजा एवं थर्मल स्क्रीनिंग के जरिए जांच की जा रही है।
अधिकारी ने कहा
अभी तक जिले में कोरोना के 5 केस पॉजिटिव पाए गए हैं। रविवार को एक नया केस महेंद्रगढ़ शहर के महायचान में पॉजिटिव पाया गया है। जिले से अभी तक कोरोना संदिग्ध 1862 सैंपल भेजे गए थे। उनमें 261 की रिपोर्ट आनी बाकी है। 1597 की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है। नारनौल में जो 4 लोग पाॅजिटिव हैं। यह सभी दिल्ली से आए थे। महेंद्रगढ़ में आज पाए गए पॉजिटिव केस की हिस्ट्री के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
डॉ अशोक कुमार, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग, नारनौल।