बेखौफ व्यापार करें व्यापारी, सुरक्षा की हमारी जिम्मेवारी : मंत्री ओमप्रकाश यादव
नारनौल में व्यापारियों ने क्षेत्र में अपराध पर अंकुल लगाने के लिए किए गए मंत्री के प्रयासों की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया।
नारनौल, बलवान शर्मा। शहर के व्यापारियों ने रविवार आजाद चौक स्थित गणपति प्लाजा में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव का सम्मान समारोह किया। इसकी अध्यक्षता जिला व्यापार मंडल के जिला प्रधान बजरंगलाल अग्रवाल ने किया। इस दौरान एकमत व्यापारियों ने क्षेत्र में अपराध पर अंकुल लगाने के लिए किए गए मंत्री के प्रयासों की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया। व्यापारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश के मुखिया को क्षेत्र की चिंता है। इसी कारण बीते कई दिनों से क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध पर मंत्री द्वारा उठाई गई आमजन की आवाज को मुख्यमंत्री ने भी माना और एक पुलिस अधिकारी का यहां से तबादला किया। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के जल्द ही स्वास्थ्य होने की कामना भी की।
इस मौके पर मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि उनके शासनकाल में आमजन भयमुक्त रहे। व्यापारी बिना कोई खौफ के व्यापार करें। इस शांति के बीच अगर कोई अपराध पनपता है तो उसे जड़ से उखाड़ने का काम प्रदेश सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में व्यापारी वर्ग सहित हर आमजन की सुरक्षा की जिम्मेवारी मेरी व मेरी सरकार की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश उन्नति व विकास की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने अपने शासन काल में व्यापारियों को अनेक तरह की रियायत देकर उनको लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के व्यापारियों के हित सुरक्षित है। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में अपराध को बढ़ने नहीं दिया जाएगा। जो लोग इसे बढ़ावा देंगे प्रदेश सरकार उनका भी इलाज करेगी। इस मौके पर व्यापार मंडल की ओर से मंत्री ओमप्रकाश यादव को पगड़ी व माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान बजरंगलाल अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी अपने आपको असहज महसूस ना करें।
प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल व मंत्री ओमप्रकाश यादव दोनों पंचायती तौर पर सोच रखने वाले व्यक्ति है। व्यापार हित में फैसले लिए जा रहे है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की मांग को मानते हुए अब सोमवार व मंगलवार को बाजार खुले रहेंगे। इस मौके पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नरेंद्र, सुरेश चौधरी, वैध किशन वशिष्ठ, रोहताश चेयरमैन, भाजपा नेता माडूराम सैनी सहित अनेक व्यापारी मौजूद थे।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो