मस्जिद की दीवार गिरने से मोटरसाइकिल दबी, बड़ा हादसा टला
अटेली में मस्जिद की दीवार गिरने से मोटरसाइकिल मलबे के नीचे दब गई लेकिन बड़ा ाहादसा होने से टल गया।
संवाद सहयोगी, मंडी अटेली :
अटेली में मस्जिद की दीवार गिरने से मोटरसाइकिल मलबे के नीचे दब गई। गनीमत यह रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस मौके पर पहुंच कर मलबे में दबी मोटरसाइकिल को बाहर निकलवाया। कस्बे के लोगों ने बताया कि मस्जिद की दीवार कई सालों से खंडहर हो रही थी। लोगों ने जर्जर दीवार को गिराने के लिए नगरपालिका को लिखित शिकायत दी हुई थी, लेकिन नगरपालिका ने दीवार गिराने में जहमत नहीं उठाई। यह दीवार सुबह पांच-छह बजे गिरी। उसे समय दीवार के आस-पास कोई नहीं था अन्यथा किसी बड़े से इंकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि तहसील व बीडीपीओ कार्यालय में आने वाले लोग इसी रास्ते से आवागमन करते है। यह मार्ग व्यस्त रहता है। जिससे हादसा होने की संभावना बहुत अधिक बनी हुई थी। लोगों ने नगरपालिका के इस रवैये के प्रति नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि नगरपालिका को बार-बार दीवार गिराने की बात कही गई। दीवार पूरे रास्ते पर गिरने से कई देर तक रास्ता भी बंद रहा। मस्जिद कई सालों से जर्जर अवस्था में है। मस्जिद को गिराने के लिए भी प्रशासन को लिखित शिकायत दी हुई है। कभी और हादसा न घटे इसके लिए प्रशासन को लोगों ने फिर से अवगत करवाया है। थाना प्रभारी सज्जन सिंह ने बताया कि मस्जिद की दीवार गिर गई। दीवार के नीचे दबने से एक मोटरसाइकिल जरूर दबी है जिसको निकाल लिया गया है। दीवार के साथ लगते घर के लोगों ने मोटरसाइकिल को घर के बाहर खड़ी की हुई थी।