नांगल नूनियां में तीन बच्चों की मां ने किया सुसाइड
मंगलवार को यहां के गांव नांगल नूनियां में एक महिला ने घर में ही पंखे से लटक कर आत्महत्या कर लिया।
संवाद सहयोगी, नांगल चौधरी: मंगलवार को यहां के गांव नांगल नूनियां में एक महिला ने घर में ही पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मृतक महिला तीन बच्चों की मां थी। महिला को गांव का ही साहूकार पैसे नहीं देने पर गाली-गलौज करता था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नारनौल पहुंचाया। मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक नांगल नूनियां निवासी संतोष देवी अपने बच्चों के साथ घर में रह रही थी। जबकि महिला का पति विक्रम व बड़ा लड़का नासिक में मजदूरी करते हैं। विक्रम मंगलवार सुबह ही नासिक से सीधे अपनी ससुराल ढोकण पहुंचा था। इधर विक्रम की पत्नी संतोष देवी घर में पंखे से लटक गई और उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान मृतका के बच्चे भी पड़ोस में गए हुए थे। घर आए तो बच्चों ने मां को पंखे से लटका हुआ देखा और वे चिल्लाने लगे। इसके बाद घटना की सूचना महिला के पति को भी दी गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस संदर्भ में आवश्यक कार्रवाई कर मृतका को सिविल अस्पताल नारनौल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृतक महिला का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना को लेकर मृतका के पति विक्रम ने गांव के ही एक व्यक्ति बिजेन्द्र के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में विक्रम ने आरोप लगाया है कि उसने घर खर्चा वास्ते आरोपित से डेढ़ लाख रुपये ले रखे थे। इस पर आरोपित सुबह घर जाकर पत्नी से पैसे लौटाने बाबत गाली गलौज करके आया था। इससे परेशान होकर उसकी पत्नी पंखे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मृतक महिला के पति की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।