जिला में न्यूनतम तापमान में हुई बढ़ोतरी, 21 जनवरी से बारिश होने की संभावना
जागरण संवाददाता नारनौल अब जिला महेंद्रगढ़ का मौसम एक बार फिर से पलटी मारेगा और पूरे
जागरण संवाददाता, नारनौल: अब जिला महेंद्रगढ़ का मौसम एक बार फिर से पलटी मारेगा और पूरे जिला महेंद्रगढ़ एक बार फिर से बारिश से सराबोर होने वाला है। नये साल के शुरुआत से ही एक के बाद एक सक्रिय मौसम प्रणाली में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की भारत में लगातार आवाजाही बन रही है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा चंद्रमोहन ने बताया कि मंगलवार की रात्रि के बाद से ही एक नया कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस भारत में उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों से प्रवेश करेगा। इससे हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में 19 जनवरी को सीमित स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान जिला महेंद्रगढ़ में केवल बादलवाई होने की संभावनाएं हैं। मंगलवार को नारनौल का न्यूनतम तापमान 6.1 और महेंद्रगढ़ का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जिले में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। नारनौल का अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। 22 और 23 जनवरी को बारिश की गतिविधियां संपूर्ण प्रदेश हरियाणा, एनसीआर दिल्ली विस्तृत इलाकों के साथ जिला महेंद्रगढ़ पर दिखाई देने की तीव्र और प्रबल संभावनाएं बन रही है। 21 जनवरी को रात्रि के बाद सुबह दो- तीन बजे से जिला महेंद्रगढ़ (नारनौल, नांगल चौधरी, सतनाली, महेंद्रगढ़ कनीना, अटेली) पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। जिला महेंद्रगढ़ पर 22 और 23 जनवरी को बारिश की गतिविधियों में थोड़ी तेजी और रुक-रुक कर पूरा दिन बारिश होने की संभावनाए है।