निहालोट में यज्ञशाला एवं मंच का उदघाटन
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निहालोट में प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मकर संक्रांति के पर्व पर हवन यज्ञ आयोजित कर नवनिर्मित यज्ञशाला एवं मंच का उद्घाटन किया गया।
जागरण संवाददाता, नारनौल: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निहालोट में प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मकर संक्रांति के पर्व पर हवन यज्ञ आयोजित कर नवनिर्मित यज्ञशाला एवं मंच का उद्घाटन किया गया। इस यज्ञशाला का निर्माण कप्तान जगराम आर्य वेदोपदेशक ने पांच लाख रुपये की लागत से किया है। इससे विद्यालय और गांव की शोभा बढी है। इससे गांव में हर रोज हवन यज्ञ करने का माहौल बना है और समय-समय पर विद्यालय में सत्संग एवं हवन आयोजित किए जाते रहे हैं। हमारे देश की संस्कृति त्योहार और पर्वों से निखरती है। इनमें से लोहड़ी जो मकर संक्रांति से एक दिन पूर्व मनाई जाती है। गांव के सब लोग मिलकर साफ-सफाई करते हैं और सामूहिक रूप से बड़े-बड़े यज्ञ हवन करते हैं। इससे सभी बीमारियों के किटाणु नष्ट हो जाते हैं। पर्यावरण शुद्ध होता है। महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती ने कहा कि महाभारत से एक हजार वर्ष पूर्व तक हमारे देश के सभी गृहस्थी नित्य प्रति संध्या हवन करते थे। इस कारण समय पर वर्षा होती थी और प्रचुर मात्रा में अन्न, फल, मेवा, सब्जियां, वनस्पति और औषधियां उत्पन्न होती थी। गाय, गोचरभूमि में हरी-हरी धान चरकर तृप्त होकर हम सबको अपना अमृतपान कराकर बलवान, विद्वान और धनवान बनाती थी। इसी कारण हमारा देश विश्व गुरु और सोने की चिड़िया था। प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव ने कप्तान जगराम आर्य वेदोपदेशक और उनके सहयोगियों को बधाई एवं कोटि-कोटि धन्यवाद दिया। विद्यालय में सभी को मूंगफली और रेवड़ी का प्रसाद वितरित किया। इससे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। कप्तान जगराम आर्य ने गांव व विद्यालय में अच्छा काम करने पर सुभाष आर्य और शीशराम आर्य ने लोई ओढ़ाकर सम्मान किया।