महिला को बेटा दिलवाने के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म कर बनाई वीडियो
महेंद्रगढ़ सदर थाने के अंतर्गत आने वाले एक गांव की महिला को बेटा दिलवाने के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला प्राइवेट नौकरी करती है व पति से झगड़ा होने के बाद अपने मायके रह रही थी।
जागरण संवाददाता, नारनौल :
महेंद्रगढ़ सदर थाने के अंतर्गत आने वाले एक गांव की महिला को बेटा दिलवाने के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला प्राइवेट नौकरी करती है व पति से झगड़ा होने के बाद अपने मायके रह रही थी। पीड़ित महिला का बेटा अपने पिता के पास रह रहा था। आरोपित ने खुद को पीड़िता से वकील होना बताया और बेटा दिलवाने की बात कही। दूसरी तरफ पति को पत्नी वापस बुलाने की बात कही। इतना ही नहीं, पीड़ित महिला की वीडियो बनाकर उसको ब्लेकमेल तक किया गया। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर वीरेंद्र व दो अन्य आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि पति से मनमुटाव होने के कारण अपने मायके चली गई थी। आरोपित वीरेंद्र सिंह उसके ससुर की दुकान पर सीट बनवाने के लिए आया था, जिसने अपने आपको वकील बताया। वीरेंद्र ने पीड़िता के पति को वापस लाने की बात कही। जिसकी एवज में 25 हजार रुपये फीस तक ले ली। आरोपित ने पीड़िता के नंबर पर उसके पति के पास से लेकर फोन पर मैसेज किए व अपने आपको वकील बताया और बेटे को दिलवाने की बात कही। एक दिन वकील ने पीड़िता को अपने पास महेंद्रगढ़ बुला लिया। इसके बाद पीड़िता को कहा कि कोर्ट चलते हैं, लेकिन जब वे कोर्ट में गए तो वह बंद था। पीड़िता ने बताया कि आरोपित ने कहा कि सुबह उसका बेटा दिला देगा। वह अब घर पर ही रुक जाए। उसका पूरा परिवार है। एक पत्नी व दो बेटे हैं। महिला वीरेंद्र के घर पर रुक गई। मध्य रात्रि पीड़िता जब सोई हुई थी तो दो अज्ञात व्यक्ति आए व उसके साथ गलत काम किया। वीरेंद्र की पत्नी ने वीडियो बना ली। अगले दिन आरोपित वीरेंद्र बोलेरो गाड़ी में लेकर खेतों में गया व उसके साथ दुष्कर्म किया और ब्लेकमेल करने लगा। कहा तू अमित के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवा, नहीं तो तेरी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा। पीड़िता ने बताया कि अमित उसकी सहायता कर रहा था। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर वीरेंद्र, उसकी पत्नी व दो अन्य आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धारा के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।