पहले छात्रा का अपहरण, अब घर में डाला धमकी भरा पत्र
क्षेत्र के एक गांव में पहले छात्रा का अपहरण किया गया।
संवाद सहयोगी, मंडी अटेली : क्षेत्र के एक गांव में पहले छात्रा का अपहरण किया गया। वहीं अब धमकी भरा पत्र घर के दरवाजे पर डाल कर परिवार में भय पैदा किया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। तीज पर्व पर गांव की छात्रा का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया था। छात्रा के अनुसार उसे एक कपड़ा सुंघाया तथा उसको गाड़ी में बैठाकर अज्ञात लोग ले गये। उसे कुछ देर बाद होश आया तो गाड़ी में तीन व्यक्ति बैठे थे। जिनको वह जानती नहीं है। चलती गाड़ी में वे आपस में लड़ने लगे। कुछ देर बाद उसे माजरी सड़क पर गिरा कर भाग गये। वहीं शनिवार को सुबह छात्रा के दरवाजे पर धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र मिलने के बाद परिजनों में भय का माहौल बना हुआ है। पत्र में लिखा गया है कि तुम लोगों में हिम्मत है तो हम लोगों को पकड़ कर दिखाओ। इस लड़की को हम पकड़ कर रहेंगे। इस घर में यह लड़की सुरक्षित नहीं रह सकती है। इसे अन्य स्थान पर भेज दो। थाना प्रभारी सज्जन सिंह ने बताया कि धमकी भरा पत्र मिला है। इसकी जांच की जा रही है। धमकी भरा पत्र से लगता है कि पत्र लिखने वाला व्यक्ति अंडर मैट्रिक ही है। पत्र भेजने वाले का उद्देश्य परिवार में भय पैदा करने का है। आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।