निष्पक्ष रूप से चुनाव करवाना एक प्रजातांत्रिक देश की बड़ी खूबी
उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से चुनाव करवाना एक प्रजातांत्रिक देश की सबसे बड़ी खूबी होती है।
जागरण संवाददाता, नारनौल: उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से चुनाव करवाना एक प्रजातांत्रिक देश की सबसे बड़ी खूबी होती है। हमारे देश का निर्वाचन आयोग इस कार्य के लिए पूरे विश्व में जाना जाता है। उपायुक्त आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लघु सचिवालय में आयोजित 12वां जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर डीसी ने नए पंजीकृत मतदाताओं को पहचान पत्र वितरित किए। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर वीडियो कान्फ्रेंसिग के जरिए हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल व अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हेमा शर्मा जुड़े हुए थे।
डीसी ने कहा कि भारत की मजबूत प्रजातांत्रिक व्यवस्था पूरे विश्व में एक उदाहरण है। हम अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए संविधान द्वारा दिए हुए सर्वोत्तम उपहार यानी अपने मत का प्रयोग करके इस लोकतंत्र की जड़ों को और भी मजबूत करते हैं। ऐसे में प्रत्येक 18 वर्ष के युवाओं को अपना वोट जरूर बनवाना चाहिए। इसके लिए नागरिक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर आनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में एक जनवरी 2022 को आधार तिथि मानकर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया गया है। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र में इस समय 7,11,909 पंजीकृत वोटर है। उन्होंने बताया कि इनमें नए मतदाताओं की संख्या 7,983 है। उन्होंने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में 3,76,651 पुरुष मतदाता तथा 3,35,258 महिला मतदाता है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, एसडीएम नारनौल मनोज कुमार, एसडीएम महेंद्रगढ़ दिनेश कुमार, नगराधीश मंगल सैन, जिला राजस्व अधिकारी पूनम, नायब तहसीलदार चुनाव विनोद तवंर, कानूनगो रामफल तथा पोरस कादियान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। विद्यार्थियों को किया सम्मानित
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई। इनके विजेता विद्यार्थियों को आज उपायुक्त ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उत्सव पर सम्मानित किया। इनमें भाषण प्रतियोगिताओं में अनुराधा को प्रथम स्थान तथा आरती को द्वितीय स्थान मिला। वहीं निबंध प्रतियोगिता में दिव्या को पहला स्थान तथा अर्चना को दूसरा स्थान मिला। चार बूथ लेवल अधिकारियों को किया गया सम्मानित
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार समय-समय पर चलाए गए मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में विशेष कार्य करने पर चार बूथ लेवल अधिकारियों को उपायुक्त ने सम्मानित किया। डीसी ने अटेली विधानसभा क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले जेबीटी अध्यापक नरेंद्र सिंह, महेंद्रगढ़ विधानसभा में आंगनबाड़ी वर्कर राजकुमारी, नारनौल विधानसभा क्षेत्र में लिपिक विजय कुमार तथा नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र में कला अध्यापक धनपत को सम्मानित किया गया।