भाजपा अपनी रिपोर्ट कार्ड व विकास के नाम पर वोट मांग रही है : ओम प्रकाश यादव
प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने प्रचार अभियान के दूसरे दिन शनिवार को आगरा जिले की बाह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रानी पक्षालिका सिंह के समर्थन में उनके विधानसभा क्षेत्र में डोर टू डोर अभियान चलाकर लोगों से वोट की अपील की।
वि, नारनौल: प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने प्रचार अभियान के दूसरे दिन शनिवार को आगरा जिले की बाह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रानी पक्षालिका सिंह के समर्थन में उनके विधानसभा क्षेत्र में डोर टू डोर अभियान चलाकर लोगों से वोट की अपील की। मंत्री ओमप्रकाश यादव ने प्रेस के नाम जारी एक बयान में कहा कि सपा व अन्य पार्टियों ने अपने शासनकाल के दौरान किए गए काम के आधार पर कभी वोट नहीं मांगे। उन्होंने अपने शासनकाल में विकास का कोई काम ही नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो अपने शासनकाल में किए गए काम के रिपोर्ट कार्ड व विकास के नाम पर वोट मांग रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने लंबे समय से रोजगार, बिजली, पानी व अन्य मामलों में पिछड़ रहे उत्तर प्रदेश को अपने शासनकाल में विकास कार्य कर विकास की पटरी पर लाया है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद उत्तर प्रदेश का पहला चुनाव हो रहा है, जिसमें यहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के ऊपर एक भी घोटाले का जिक्र ना करके विपक्ष उनको प्रदेश में गुंडों को ठोकने का आरोप लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश में गुंडों के प्रदेश के नाम से जाना जाता था, जब से योगी आदित्य नाथ ने सत्ता संभाली प्रदेश में कानून व्यवस्था को दुरुस्त कर लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में पुन: सरकार बनाने जा रही है।