शारीरिक शिक्षकों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेगी कमेटी
जिला महेंद्रगढ़ के बर्खास्त शारीरिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन शुक्रवार को भी जारी रहा।
जागरण संवाददाता, नारनौल : जिला महेंद्रगढ़ के बर्खास्त शारीरिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन शुक्रवार को भी जारी रहा। डॉ. स्नेहलता, कांता देवी, महेश कुमार व सुनील कुमार को विनय कुमार, मनोज सोलंकी, बबीता देवी और कृष्णा देवी ने माला पहनाकर अनशन पर बैठाया। मंच संचालन संघर्ष समिति के राज्य कार्यकारिणी सदस्य हुनेश कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को खाप पंचायतों की अगुवाई में 21 सदस्यीय समिति मुख्यमंत्री से शारीरिक शिक्षकों की पुन: सेवा बहाली की मांग को लेकर मिलेगी। उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री सकारात्मक रवैया अपनाते हुए शारीरिक शिक्षकों के पक्ष में कोई निर्णय लेंगे और यदि ऐसा नहीं होता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सर्व कर्मचारी संघ के जिला उप प्रधान मुकेश जांगड़ा ने कहा कि सरकार को कर्मचारी विरोधी फैसले लेना बंद करना चाहिए, क्योंकि इस कोरोना महामारी के दौर में यदि कोई काम कर रहा था तो वह सरकारी कर्मचारी ही था। इसलिए सरकार को कर्मचारियों के प्रति नरम रुख अपनाते हुए इनका विशेष ध्यान रखना चाहिए। महेश शर्मा ने कहा कि सरकार को जगाने के लिए शारीरिक शिक्षकों के साथ हरियाणा मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन का प्रत्येक कर्मचारी साथ है। दिनेश यादव ने कहा कि जिस अनुशासन और शालीनता के साथ पीटीआइ साथी आंदोलन कर रहे हैं कोई कारण नहीं की सरकार को अपने फैसले पर पुनर्विचार न करना पड़े। इस मौके पर महेंद्र बोयत, कौशल कुमार, रमेश कुमार, धर्मपाल शर्मा, महेश यादव आदि ने संबोधित किया।