प्रदर्शन करते हुए एसडीएम के नाम सौंपा शारीरिक शिक्षकों ने ज्ञापन
बर्खास्त शारीरिक शिक्षकों का प्रदर्शन चितवन वाटिका में 33वें दिन शुक्रवार को जारी किया।
जागरण संवाददाता, नारनौल :
बर्खास्त शारीरिक शिक्षकों का प्रदर्शन चितवन वाटिका में 33वें दिन शुक्रवार को जारी रहा। शुक्रवार को विनोद बडेसरा, कैलाश चंद, संजीव कुमार और महेश कुमार अनशन पर बैठे। इसके बाद चितवन वाटिका से प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचकर सरकार के नाम एसडीएम मनीष फौगाट को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर महेश कुमार ने कहा कि यदि सरकार द्वारा बर्खास्त किए गए शारीरिक शिक्षकों और कच्चे कर्मचारियों के फैसले पर पुनर्विचार नहीं करती है तो हरियाणा का प्रत्येक कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर होगा। सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव महेंद्र सिंह बोयत ने सरकार से शारीरिक शिक्षकों और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड से हटाए गए सफाई कर्मचारियों को वापस लेने की मांग की। बूस्टर ऑपरेटर यूनियन के प्रधान कृष्ण कांत ने कहा कि यदि सरकार इन कर्मचारियों को वापस सेवा में नहीं लेती है तो बूस्टर यूनियन का प्रत्येक कर्मचारी शारीरिक शिक्षकों के साथ धरने पर बैठने को मजबूर होगा। अशोक पालीवाल ने सरकार से अपनी हठधर्मिता और कर्मचारी विरोधी फैसला लेना बंद करने और सभी कर्मियों की फिर से सेवा बहाल करने की मांग की। शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के राज्य सदस्य हुनेश कुमार ने कहा कि 18 जुलाई को जींद में होने वाली महापंचायत में सभी 36 बिरादरी के लोग पहुंचेंगे और महेंद्रगढ़ जिले से भी सभी शारीरिक शिक्षक, सभी यूनियन के पदाधिकारी, ग्राम पंचायतों के लोग पहुंचेंगे। इस अवसर पर आशीष यादव ने भी विचार रखे।