गांव मंडियाली के पास एक कैंपर की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की मौत
महेंद्रगढ़ सतनाली मार्ग पर गांव मंडियाली के पास बीती रात एक कैंपर गाड़ी की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
संवाद सूत्र, महेंद्रगढ़: महेंद्रगढ़ सतनाली मार्ग पर गांव मंडियाली के पास बीती रात एक कैंपर गाड़ी की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। राजस्थान के बड़ी बिरपाली निवासी भंवर सिंह ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। रात के समय गांव मंडियाली से उसके रिश्तेदार का फोन आया कि आपके भांजे रजत (21 वर्षीय) पुत्र रोशनलाल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। सूचना मिलने पर वे रात को वहां मंडियाली पहुंचे। रिश्तेदारों ने बताया कि रजत और उसका चाचा एक समारोह में भाग लेने के बाद अपने खेत में सोने के लिए जा रहे थे। रास्ते में एक कैंपर चालक जो अपने कैंपर को तेज गति से लापरवाही से चलाता आ रहा था, उसने रजत को टक्कर मार दी। इससे रजत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रजत का चाचा बाल-बाल बच गया। दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सोमवार देर रात पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ ले गए। लेकिन रात होने के कारण शव को शवगृह में रखा गया। चिकित्सकों के द्वारा मंगलवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस जांच की कार्रवाई में लगी हुई थी।