यमुनानगर के जेल अधीक्षक के दोस्त की थी फॉरच्यूनर, हादसे के पांच दिन बाद केस दर्ज
लाडवा रोड पर निवारसी कॉलोनी के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त फॉरच्यूनर गाड़ी यमुनानगर के जेल अधीक्षक संजीव पातड़ के दोस्त की थी। जेल अधीक्षक उनके साथ गाड़ी में यमुनानगर से हिसार जा रहे थे। इसमें जेल अधीक्षक उसके दोस्त और एक अन्य को गुम चोट लगी थी। हादसे के पांच दिन बाद थाना लाडवा पुलिस ने जेल अधीक्षक के दोस्त की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : लाडवा रोड पर निवारसी कॉलोनी के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त फॉरच्यूनर कार यमुनानगर के जेल अधीक्षक संजीव पातड़ के दोस्त की थी। जेल अधीक्षक उनके साथ गाड़ी में यमुनानगर से हिसार जा रहे थे। इसमें जेल अधीक्षक उसके दोस्त और एक अन्य को गुम चोट लगी थी। हादसे के पांच दिन बाद थाना लाडवा पुलिस ने जेल अधीक्षक के दोस्त की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दरअसल हादसा 24 जुलाई को दोपहर बाद तीन बजे हुआ था। हिसार की डिफेंस कॉलोनी के दीपक ने थाना लाडवा पुलिस में शिकायत दी है। उसने बताया कि यमुनानगर जेल अधीक्षक संजीव पातड़ उसका दोस्त है। वह अपनी फॉरच्यूनर कार में उनसे मिलने यमुनानगर गया था। वहां से वापस आते समय जेल अधीक्षक संजीव पातड़, उनके साथी मुलाजिम रमेश कुमार, सुनील कुमार और सन्नी भी यमुनानगर से हिसार के लिए साथ में चले थे। वह गाड़ी को खुद चला रहा था। लाडवा निकलने के बाद कुरुक्षेत्र की तरफ निवारसी कालोनी के पास पहुंचे थे। उनके आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने बिना इंडीकेटर और हाथ का इशारा किए बिना अचानक निवारसी कालोनी की तरफ मोड़ दिया। उनकी गाड़ी ट्राली के पीछे लगी और सड़क पर पलट गई।
पुलिस ने यमुनानगर के जेल अधीक्षक के दोस्त दीपक की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपित को काबू कर लेगी।
राजपाल, प्रभारी, थाना लाडवा।