जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र-कैथल रेलवे ट्रैक पर बनने वाले ऐलिवेटेड रेल ट्रैक की परियोजना पर कार्य अगले महीने शुरू हो जाएगा। इस परियोजना को एक निजी एजेंसी को सौंपने की औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है। इस पर करीब 225 करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा। इसके मूर्त रूप मिलने के बाद शहर के लोगों को रेलवे की पांच फाटकों से निजात मिलेगी।
विधायक सुभाष सुधा ने वीरवार को इसको लेकर हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रेक्टर डेवलेपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार से बातचीत की। महाप्रबंधक ने विधायक को पूरी जानकारी दी। सुधा ने बताया कि यह प्रोजेक्ट 225 करोड़ रुपये का है। इसमें 125 करोड़ प्रदेश सरकार और 100 करोड़ रुपये रेलवे का बजट होगा। ऐलिवेटेड रेल ट्रैक परियोजना को मूर्त रूप मिलने के बाद कुरुक्षेत्र ही नहीं इस रेल मार्ग से नरवाना की तरफ जाने वाले लोगों का सपना साकार होगा है।
फाटकों के चलते दो हिस्सों में बंटा है शहर
कुरुक्षेत्र-कैथल रेल मार्ग पर पांच फाटक शहर में आती हैं। इनके चलते पूरा शहर दो हिस्सों में बंटा हुआ है। विधायक सुभाष सुधा के प्रयासों से मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विगत वर्ष इसकी आधारशीला रखी थी। विधायक का कहना है कि कुरुक्षेत्र को एक अंतरराष्ट्रीय तीर्थ और पर्यटन स्थल के रूप में तेजी के साथ विकसित हो रहा है। रेलवे फाटक बंद होने से यातायात की समस्या आने लगी थी।
कंपनी ने रेलवे के साथ तैयार किया प्रोजेक्ट
हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रेक्टचर डेवलेपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड ने भारतीय रेलवे के साथ मिलकर कुरुक्षेत्र में ऐलिवेटेड रेल ट्रैक परियोजना को तैयार किया है।इसके लिए बाकायदा मिट्टी की टेस्टिग की गई थी। टेस्टिग पास होने के बाद ऐलिवेटेड रेल ट्रैक बनाने का काम तेजी से चला। बीच में कोविड-19 के चलते काम अटक गया था। पिछले दिनों ही इसका टेंडर लगाया गया था। गत महीने इसकी दोनों बिड ऑपन की गई थी।
कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे