बरसात बंद, फिर भी कई कॉलोनियां और गांव पानी से लबालब
दो दिन पहले हुई बरसात के बाद अभी तक भी जिले के कई गांवों और थानेसर की कई कॉलोनियों को बरसाती पानी से राहत नहीं मिल पाई है। मारकंडा नदी के साथ लगते गांवों और थानेसर शहर में सरस्वती नदी के साथ लगती कॉलोनियों में हालात बदतर बने हुए हैं। कई कॉलोनियों में लोगों के घरों में पानी घुसा हुआ है। पानी का स्तर लगातार बढ़ने से थानेसर विधायक सुभाष सुधा स्वयं राहत कार्यों पर नजर रख रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : दो दिन पहले हुई बरसात के बाद अभी तक भी जिले के कई गांवों और थानेसर की कई कॉलोनियों को बरसाती पानी से राहत नहीं मिल पाई है। मारकंडा नदी के साथ लगते गांवों और थानेसर शहर में सरस्वती नदी के साथ लगती कॉलोनियों में हालात बदतर बने हुए हैं। कई कॉलोनियों में लोगों के घरों में पानी घुसा हुआ है। पानी का स्तर लगातार बढ़ने से थानेसर विधायक सुभाष सुधा स्वयं राहत कार्यों पर नजर रख रहे हैं। अगले 48 घंटे तक पानी का स्तर बढ़ने की चेतावनी को देखते हुए मंगलवार की देर रात तक विधायक ने राहत कार्यों पर नजर रखी। कई जगह रात में ही जेसीबी लगवाकर पानी के बहाव स्थल को खोलने का प्रयास किया गया। इसके अलावा कॉलोनियों में पानी घुसने से प्रभावित हुए 250 घरों तक एक हजार खाने के पैकेट पहुंचाए गए हैं। लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा रहा रहा है। डीसी निवास कार्यालय को कंट्रोल रुम के रुप में स्थापित किया है। कंट्रोल रुम के दूरभाष नंबर 01744-220271 व 220935 पर किसी भी आपात स्थिति में संपर्क किया जा सकता है।
---
नप के ट्रैक्टरों से घर-घर पहुंचाई जा रही राहत
बाढ़ के चपेट में आई कॉलोनियों में लोगों के घरों तक पहुंचाने के लिए नप के ट्रैक्टरों को लगाया गया है। लोगों के घरों तक पीने का पानी खाने के पैकेट पहुंचाया जा रहा है। नप अध्यक्षा उमा सुधा से लेकर प्रभावित क्षेत्रों के पार्षद और कर्मचारी राहत कार्य में जुटे हैं। कई जगह हालात ऐसे हैं कि गलियों में पानी ही पानी दिखाई दे रहा है और लोग सुरक्षित स्थानों के लिए निकल लिए हैं।
---
धर्मशाला और सामुदायिक केंद्र में ठहरने के लिए व्यवस्था
विधायक ने डीडी कॉलोनी, खेड़ी मारकंडा, कीर्ति नगर, लायलपुर बस्ती, हरि नगर का दौरा किया। पानी से प्रभावित कीर्ति नगर और लायलपुर बस्ती में घर-घर खाना वितरित किया गया। नप अध्यक्षा उमा सुधा ने सुबह के समय करीब 250 घरों के करीब एक हजार लोगों का नाश्ता घर-घर पहुंचाया। लोगों के ठहरने के लिए धर्मशाला, स्कूल और सामुदायिक केंद्रों में व्यवस्था की गई है। कई परिवारों को जाट धर्मशाला, रामगढि़या गुरुद्वारा साहब, गांधी नगर के मिडिल स्कूल में आश्रय दिया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कीर्ति नगर में चार डॉक्टरों की टीम नियमित रुप से बैठाई गई है।