सर्दी ने तोड़े पिछले रिकॉर्ड, बंद कमरों में भी कंपकंपी, 4 डिग्री आया न्यूनतम तापमान
छह दिनों बाद शनिवार को सूर्यदेव के दर्शन जरूर हुए लेकिन सर्दी का सितम जारी रहा। न्यूनतम तापमान छह डिग्री से लुढ़क कर चार डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
छह दिनों बाद शनिवार को सूर्यदेव के दर्शन जरूर हुए, लेकिन सर्दी का सितम जारी रहा। न्यूनतम तापमान छह डिग्री से लुढ़क कर चार डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं अधिकतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस रहा। जमा देने वाली ठंड में हाथ पांव अकड़ने लगे हैं। लोगों का जन जीवन शीतलहर की वजह से अस्त व्यस्त है। ठंड के मारे लोग घर, दुकानों और कार्यालयों से बाहर निकलने से कतराते रहे हैं। वहीं मौसम विभाग की मानें तो अभी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे। विभाग 31 दिसंबर रात को बूंदाबांदी होने की संभावना जता रहा है। इसके साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होगी। ऐसे में नये साल का जश्न जबरदस्त ठंड के साथ मनेगा। बर्फीली हवाओं से भी स्वच्छ नहीं हुई हवा
बर्फीली हवाओं की वजह से तापमान गिर कर जमा देने वाले आंकड़े को छूने वाला है। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मगर बर्फीली हवाओं के बाद भी हवा स्वच्छ नहीं हुई। एयर क्वॉलिटी बिगड़ने लगी है। शनिवार को एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 300 तक पहुंच गया। स्कूलों में अलर्ट जारी
शिक्षा विभाग ने आठवीं कक्षा तक की छुट्टियां घोषित कर दी गईं हैं। 9 से 12 तक की कक्षाओं का समय 11 से 2 बजे तक ही लगा सकेंगे। इस दौरान उनको हीटर का प्रबंध करना होगा। स्कूल विद्यार्थियों पर इसका बोझ नहीं डाल सकेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी स्कूलों की मॉनिटरिग कर रहे हैं। किसी तरह की शिकायत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हृदय रोगी खास तौर पर रखें ख्याल
हृदय एवं छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलेंद्र ममगाईं शैली ने बताया कि ठिठुरन बढ़ गई है। इस मौसम में वैसे तो हर बीमारी के मरीजों को अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखना चाहिए, लेकिन बीपी, शूगर और हृदय की गति तेजी से बढ़ने और घटने की बीमारी वाले मरीजों को खास ख्याल रखना चाहिए। इन्हें नियमित जांच कराकर अपनी दवा लेनी चाहिये। हृदयरोगी सुबह व सायं की सैर करने से बचें। मौसम विभाग का अनुमान
29 दिसंबर को सुबह कोहरा और बाद में मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहेगा। 30 दिसंबर को आंशिक रूप से आसमान में बादल और 31 दिसंबर को बादल छाये रहेंगे। एक जनवरी को बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं, दो जनवरी को गरज के साथ आमतौर पर बादल छाये रहेंगे और तीन जनवरी को धुंध छाने की संभावना है।