जल्द दूर की जाएगी पानी निकासी की समस्याएं : संदीप सिंह
खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने शनिवार को गांव सुरमी छैलों मुकीमपुरा और कमौदा का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि गांव में गलियों पानी की निकासी और शमशान घाटों की दशा सुधारने के लिए सभी गांव की सूचियां तैयार की जा रही हैं जिसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और हलके के विकास के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की जाएगी।
फोटो संख्या : 26 व 28 -गांव सुरमी, छैलों, मुकीमपुरा व कमौदा का किया खेलमंत्री ने दौरा
संवाद सूत्र, पिहोवा : खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने शनिवार को गांव सुरमी, छैलों, मुकीमपुरा और कमौदा का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि गांव में गलियों, पानी की निकासी और शमशान घाटों की दशा सुधारने के लिए सभी गांव की सूचियां तैयार की जा रही हैं, जिसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और हलके के विकास के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की जाएगी।
खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि गांव के विकास के लिए सरकार जो फंड जारी कर रही है। वह सही जगह और सही तरीके से खर्च हो। यदि विकास कार्यों के लिए राशि कम पड़ी तो मुख्यमंत्री से और राशि मांग ली जाएगी, ताकि विकास कार्य किसी भी तरह प्रभावित ना हो। सभी जगह समान विकास हो यही सरकार की प्राथमिकता है। इससे पूर्व खेल मंत्री ने गांव टीकरी में निवास स्थान पर जरूरतमंद परिवारों में आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए। साथ ही कैंप कार्यालय में आए लोगों की समस्याएं सुनकर उनके निवारण की। गांव मुकीमपुरा में गुलाब सिंह की तरफ से मुकीमपुरा से टकोरन तक सड़क बनाने और गांव भौर सैयदां के सरकारी स्कूल को सीनियर सेकेंडरी का दर्जा देने की मांग खेल मंत्री के समक्ष रखी गई। जिसके बाद उन्होंने शिक्षा मंत्री चौधरी कंवर पाल से फोन पर बात करके गांव के स्कूल को अपग्रेड करने की मांग को पूरा करने की अपील की। इस अवसर पर उनके साथ जिला सचिव रामकिशन दुआ, मंडल प्रधान राकेश पुरोहित, इस्माईलाबाद मंडल प्रधान चिरंजीव गर्ग, जगदीश चंद सुरमी, सतपाल छैलों, गुलाब सिंह मुकीमपुरा व रघुवीर फौजी मौजूद रहे।
बदल रहे पंजाब के समीकरण
पंजाब चुनाव को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए खेल मंत्री ने कहा कि धीरे-धीरे पंजाब के समीकरण बदलते जा रहे हैं। वहां की जनता अब समझने लगी है कि क्षेत्रीय दलों को केवल वोट बैंक की राजनीति करनी है। उन्हें पंजाब के लोगों के भविष्य से कोई मतलब नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ही ऐसी पार्टी है, जो फिर से पंजाब में खुशहाली लेकर आ सकती है। चुनाव के बाद नतीजे भाजपा के पक्ष में और चौंकाने वाले होंगे। कानून अपना काम कर रहा : खेल मंत्री
पूर्व कृषि मंत्री स्वर्गीय जसविदर संधू के बेटे के मामले में खेल मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि बोलने वाले बोलते रहते हैं। सही गलत किसी के घर घुसने और गन चलाने से पहले सोचना चाहिए। इसमें कानून अपना काम कर रहा है यदि किसी ने कुछ गलत किया है तो वही भुगतेगा।