गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वीरांगना सीता देवी को किया सम्मानित
कुरुक्षेत्र हरियाणा सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमिच ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर स्वतंत्रता सेनानी स्व. अमरनाथ शर्मा की वीरांगना सीता देवी को उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया।
फोटो-9
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : हरियाणा सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमिच ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर स्वतंत्रता सेनानी स्व. अमरनाथ शर्मा की वीरांगना सीता देवी को उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया। उनके साथ भाजपा के मंडलाध्यक्ष हरीश अरोड़ा ने भी सीता देवी को शाल भेंट की और नेताजी सुभाष चंद्र बोस उनके सहयोगी स्वतंत्रता सेनानी पंडित अमरनाथ शर्मा को नमन किया।
धुम्मन सिंह किरमिच ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आजादी के 75 वें अमृत महोत्सव और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की 125 वीं जयंती समारोह के साथ गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के प्रयासों से इन कार्यक्रमों की श्रृंखला में शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और उनकी वीरांगनाओं के सम्मान कार्यक्रम और उन्हें घर घर जाकर सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी में अहम योगदान देने वाले कई वीर सपूतों को भूला दिया गया। आजादी मिलने के बाद कांग्रेस सरकार ने सिर्फ एक परिवार और उनके चहेतों को ही स्वतंत्रता सेनानी माना। जबकि बिना किसी चाहत और देश को गुलामी की जंजीरों से आजाद कराने में योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को गुमनामी के अंधेरे में झोंक दिया गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की टीम स्वतंत्रता सेनानियों को पूरा सम्मान देने का काम कर रही है।
सम्मान से गौरवान्वित : हरीश
मंडलाध्यक्ष हरीश अरोड़ा ने कहा कि उन्हें वीरांगना सीता देवी को सम्मानित करने में गौरव महसूस हो रहा है। सीता देवी नारनौल में सम्मान कार्यक्रम होने के चलते नहीं पहुंच पाई थी। भाजपा ने उनको घर आकर सम्मानित किया है।