अंडर ग्रेजुएट की चार अगस्त तो पोस्ट ग्रेजुएट की एक सितंबर से शुरू होंगी कक्षाएं
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने साल 2020-21 के आगामी सत्र का शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इस शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार अगले सत्र की अंडर ग्रेजुएट कक्षाओं की पढ़ाई चार अगस्त से शुरू हो जाएगी तो पोस्ट ग्रेजुएट की एक सितंबर से शुरू होंगी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने सत्र 2020-21 के आगामी सत्र का शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके अनुसार अगले सत्र की अंडर ग्रेजुएट कक्षाओं की पढ़ाई चार अगस्त से शुरू होंगी जबकि पोस्ट ग्रेजुएट की एक सितंबर से शुरू होंगी। कुवि ने जारी नोटिफिकेशन में साफ किया है कि शैक्षणिक सत्र तय पर ही कक्षाओं को शुरू किया जाएगा। प्रदेश सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार इसे ऑनलाइन और ऑफलाइन शुरू किया जा सकता है। इसमें यह बात भी साफ की गई है कि संस्थान के निदेशक और प्रबंधन को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक सेमेस्टर की 90 दिन की कक्षाएं लगाई जाएं।
कुवि ने जारी नोटिफिकेशन में बताया कि विवि से संबंधित सभी कॉलेजों में अंडर ग्रेजुएट कक्षाओं के लिए 15 से 31 जुलाई तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी। इसके लिए दाखिलों की पहली सूची 15 जुलाई को लगाई जाएगी। अंडर ग्रेजुएट
ऑड सेमेस्टर
अंडर ग्रेजुएट कक्षाओं के ऑड सेमेस्टर की कक्षाएं चार अगस्त से शुरू होंगी और 30 नवंबर तक जारी रहेंगी। इसी बीच 13 नवंबर से 15 नवंबर तक दीवाली की छुट्टियां होंगी। इसके बाद एक दिसंबर से परीक्षाएं शुरू होंगी।
ईवन सेमेस्टर
इसके बाद ईवन सेमेस्टर की पहले सत्र की शैक्षणिक गतिविधियां एक जनवरी 2021 से शुरू होंगी और 26 मार्च 2021 तक जारी रहेंगी। होली की छुट्टियां 27 मार्च से 31 मार्च 2021 तक होंगी। दूसरा सत्र एक अप्रैल 2021 से शुरू होगा और 30 मार्च तक चलेगा। एक मई से परीक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके बाद 21 मई से 30 जून 2021 तक ग्रीष्म कालीन अवकाश रहेगा। पोस्ट ग्रेजुएट कक्षाएं
पोस्ट ग्रेजुएट कक्षाओं के लिए 17 अगस्त से लेकर 10 सितंबर तक दाखिल प्रक्रिया चलाई जाएगी। सात अगस्त से दाखिला फार्म लिए जाएंगे उसके बाद 17 अगस्त को पहली दाखिला सूची लगाई जाएगी।
ऑड सेमेस्टर
पोस्ट ग्रेजुएट की ऑड सेमेस्टर की कक्षाएं एक सितबर से शुरू होंगी और 20 दिसंबर तक चलेंगी। इसी बीच 13 से 15 नवंबर तक दीवाली की छुट्टियां रहेंगी। इसके बाद 21 दिसंबर 2020 से 18 जनवरी 2021 तक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
ईवन सेमेस्टर
ईवन सेमेस्टर के पहले सत्र की पढ़ाई 20 जनवरी 2021 से शुरू होगी और 26 मार्च तक जारी रहेगी। 27 से 31 मार्च तक होली का अवकाश रहेगा। इसके बाद एक अप्रैल से दूसरा सत्र शुरू होगा और 20 मई तक चलेगा। 21 मई से 30 जून 2021 तक ग्रीष्म कालीन अवकाश रहेगा। 21 मई से परीक्षाएं शुरू होंगी। वर्जन :
कुवि लोक संपर्क विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डा. दीपक रॉय ने बताया कि कुवि की ओर से सभी संबंधित कॉलेजों के शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है। इसमें प्रदेश सरकार की ओर से समय-समय जारी निर्देशों के अनुसार सुधार किया जा सकता है।