भाजपा के आठ जिलों के मंडलाध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से शुरू
भाजपा के आठ जिलों के मंडलाध्यक्षों प्रभारी व जिलाध्यक्षों को दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर वीरवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में शुरू होगा।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : भाजपा के आठ जिलों के मंडलाध्यक्षों, प्रभारी व जिलाध्यक्षों को दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर वीरवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में शुरू होगा। इसमें 142 सूचीबद्ध कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। इसमें कोविड-19 की गाइडलाइनों का पालन किया जाएगा। शिविर के दूसरे दिन प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय परिवहन राज्यमंत्री जरनल वीके सिंह कार्यकर्ताओं को संगठन मजबती का मंत्र देंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी ने प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों का मुआयना करने के बाद सैनी धर्मशाला में मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने यहां कार्यकर्ताओं की ड्यूटी भी लगाई। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता को सेवा की भावना के साथ आमजन तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। एक साल में दो या तीन शिविर लगाए जाते हैं। इनमें संगठन को मजबूत करने के साथ पार्टी की रीति व नीति कार्यकर्ता समझता है। आठ जिलों के मंडलध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 26 व 27 नवंबर को सैनी समाज भवन में किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने वाले सभी कार्यकर्ताओं को मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्य द्वार पर चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। जो कार्यकर्ताओं की थर्मल स्क्रीनिग करेगी। इस अवसर पर जिला महामंत्री रविद्र सांगवान, सुशील राणा, जिला मीडिया प्रभारी विनीत क्वात्रा, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कर्ण प्रताप सिंह, विक्रम शर्मा, विनीत बजाज, राजेंद्र जुनेजा, सुनील चंद्रभानपुर व विपिन लाडवा मौजूद रहे।
दो दिन में होंगे 12 सत्र
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में 12 सत्र होंगे। 26 नवंबर वीरवार को 10 बजे शिविर का शुभारंभ किया जाएगा। यह सायं पांच बजे तक चलेगा। पहले दिन छह सत्र होंगे। दूसरे दिन 27 नवंबर को हरियाणा भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय परिवहन राज्यमंत्री वीके सिंह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा कार्यालय का शिलान्यास 27 को
जिलाध्यक्ष ने बताया कि केडीबी रोड पर आंबेडकर भवन के नजदीक भाजपा कार्यालय बनाया जाएगा। इसका शिलान्यास हरियाणा प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ करेंगे। इसका मुहूर्त सुबह 11 से एक बजे का निकाला गया है। प्रभारी व सह प्रभारी यहां कार्यकर्ताओं से बातचीत भी करेंगे।इसके बाद प्रशिक्षण शिविर में पहुंचेंगे।
इन जिलों के कार्यकर्ता पहुंचेंगे
जिलाध्यक्ष ने बताया कि मंडलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, अम्बाला, यमुनानगर, पंचकूला जिला हिस्सा लेगा। इसमें जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला परशिक्षण प्रमुख, मंडल अध्यक्ष भाग लेंगे।