विदेश भेजने के नाम पर 2.89 लाख की ठगी
शाहाबाद। शाहाबाद थाना पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 2.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने पर दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
संवाद सहयोगी, शाहाबाद : शाहाबाद थाना पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 2.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने पर दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपित मोनिका चौधरी व अमित कंबोज जिला यमुनानगर के गांव मुजाफत के रहने वाले हैं।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रतनगढ़ निवासी कपिल देव ने बताया कि वह 2017 में बेरोजगार था और विदेश जाना चाहता था। उसकी रिश्तेदार रीना देवी निवासी गांव छौली तहसील बिलासपुर जिला यमुनानगर ने उसे बताया कि मोनिका चौधरी व अमित कंबोज विदेश भेजने का काम करते हैं। इस पर कपिल देव व उसके परिजनों ने आरोपितों से मुलाकात की। इस बातचीत में आरोपितों ने उसे सात लाख रुपये में विदेश भेजने की बात कही। इसके लिए तीन लाख पहले और चार लाख रुपये काम होने के बाद देने की बात हुई। इसके बाद दोनों आरोपित शिकायतकर्ता कपिल देव के गांव रतनगढ़ में आए और उसे डेढ़ लाख प्रतिमाह की नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। वह उन दोनों की बातों में आ गया और उसी समय अपने रिश्तेदारों के सामने एक लाख रुपये नकद व कागज-पत्र उन्हें दे दिए। इसके बाद आरोपितों की मांग पर अमित कंबोज के बैंक खातों में दो लाख की राशि डलवाई। इसके बाद भी आरोपितों ने उससे 50 हजार रुपये की मांग की। उसने बकाया राशि काम होने के बाद देने की बात कही। इसके बाद आरोपित उसे टालने लगे। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ दिन बाद आरोपितों ने काम न बन पाने की कहते हुए उसके कागज-पत्र वापस करने कही। इसके बाद आरोपितों ने उसके खाते में 20 हजार रुपये की राशि डलवाई। जब उसके बकाया राशि की मांग की तो आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और राशि लौटाने से भी इंकार कर दिया।