थानेसर से 12 तो लाडवा से आठ प्रत्याशी नहीं बचा पाए अपनी जमानत
विधानसभा चुनाव 2019 में जीत का दावा ठोक कर चुनावी मैदान में उतरे कई प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए हैं। थानेसर विधानसभा से मैदान में उतरे 15 प्रत्याशियों में 12 की जमानत जब्त हो गई है। इनमें कई बड़ी पार्टियों के टिकट पर मैदान में उतरे प्रत्याशी भी शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : विधानसभा चुनाव 2019 में जीत का दावा ठोक कर चुनावी मैदान में उतरे कई प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए हैं। थानेसर विधानसभा से मैदान में उतरे 15 प्रत्याशियों में 12 की जमानत जब्त हो गई है। इनमें कई बड़ी पार्टियों के टिकट पर मैदान में उतरे प्रत्याशी भी शामिल हैं। इसी तरह लाडवा के 12 प्रत्याशियों में से आठ की जमानत जब्त हुई है, इनमें जजपा की टिकट पर मैदान में उतरी महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। उनका यह दूसरा विधानसभा चुनाव था लेकिन उन्हें मात्र 2918 मत ही मिल पाए हैं। शाहाबाद से भी छह प्रत्याशियों में से तीन की जमानत नहीं बच पाई और पिहोवा सीट से मैदान में उतरे 11 में से सात की जमानत जब्त हो गई है।
कुरुक्षेत्र जिला में चार विधानसभा सभा क्षेत्रों में कुल 44 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे थे। इनमें से 27 प्रत्याशियों को कुल मतदान का छह प्रतिशत से भी कम हिस्सा मिलने पर इनकी जमानत जब्त हो गई है। थानेसर विधानसभा से कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे थे। इस सीट पर भाजपा के सुभाष सुधा ने जीत दर्ज करवाई है। उन्हें 55759 मत मिले हैं, जबकि दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के अशोक अरोड़ा को 54917 मत मिले हैं। इसके अलावा मैदान में उतरे अन्य 12 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। जमानत जब्त होने वालों में इनेलो की टिकट पर मैदान में उतरी कलावती भी शामिल है। इसी तरह लाडवा विधानसभा से मैदान में कुल 12 प्रत्याशी उतरे थे। इनमें से चार प्रत्याशी कांग्रेस के विजेता रहे मेवा सिंह, दूसरे नंबर पर रहे भाजपा के डॉ. पवन सैनी, इनेलो की प्रत्याशी सपना बड़शामी और लोसुपा के नायब सिंह पटाकमाजरा की जमानत बच पाई है। इस हलके से आठ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। इसी तरह शाहाबाद विधानसभा से मैदान में कुल छह प्रत्याशी उतरे थे। इनमें से जजपा के रामकरण काला ने जीत दर्ज करवाई है, दूसरे स्थान पर भाजपा के कृष्ण बेदी रहे हैं और तीसरे स्थान पर कांग्रेस के अनिल धंतौड़ी रहे है। इसके अलावा तीन प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। इसी तरह पिहोवा विधानसभा सीट से मैदान में उतरे 11 प्रत्याशियों में से चार प्रत्याशियों की जमानत बची है। इनमें भाजपा के संदीप सिंह ने जीत हासिल की है, जबकि दूसरे नंबर पर कांग्रेस के मंदीप सिंह रहे और तीसरे स्थान पर आजाद प्रत्याशी संदीप ओंकार रहे। चौथे स्थान पर जजपा के रणधीर सिंह भी जमानत बचाने में सफल रही है। इसके अलावा सात उम्मीदवारों को अपनी जमानत गंवानी पड़ी है।