जयराम विद्यापीठ में 47 जोड़ों का सामूहिक विवाह
जयराम विद्यापीठ ने गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर 28 वर्षो में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करने में देश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जयराम विद्यापीठ ने गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर 28 वर्षो में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करने में देश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसी वजह से कुरुक्षेत्र को भी एक नई पहचान मिली है। शुक्रवार को समारोह के मुख्यातिथि जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज तथा देश अन्य महान संत पुरुषों के आशीर्वाद से 47 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ।
जयराम संस्थाओं के अध्यक्ष ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी ने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज तथा अन्य संत महापुरुषों का विधिवत स्वागत किया। जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि जयराम संस्थाओं के अध्यक्ष ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी वास्तव में स्वयं एक संस्था है। उन्हीं के संकल्प के वशीभूत होकर इस सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आज समाज में बेटियों को पढ़ाने से अधिक मुश्किल कार्य बेटियों का घर बसाना है, जो ब्रह्मचारी कर रहे हैं। ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी ने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज, महामंडलेश्वर रामेश्वरानंद सरस्वती, पटियाला से जितेंद्र ब्रह्मचारी व सतपाल ब्रह्मचारी सहित अन्य संत महापुरुषों का स्वागत किया।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के सारा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के राम लाल गोयल और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा पिछले 28 सालों से विद्यापीठ में गरीब परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह कराए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस समारोह में राम लाल गोयल परिवार की तीन पीढि़यों के शिव लाल गोयल, कैलाश गोयल, रमन गोयल, मोनू गोयल व अखिल गोयल इत्यादि मौजूद हैं।