आज ब्रह्मासरोवर में होगी सूर्य उपासना, सफाई के इंतजाम अधूरे
आज ब्रह्मासरोवर में होगी सूर्य उपासना, सफाई के इंतजाम अधूरे जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : छठ पर्व पर जलाशयों में सूर्य उपासना से एक दिन पूर्व भी ब्रह्मासरोवर में सफाई के इंतजाम अधूरे नजर आए। तमाम दावों के बाद भी ब्रह्मासरोवर में पानी के ऊपर तैरती हुई काई और गंदगी नहीं छटी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : छठ पर्व पर जलाशयों में सूर्य उपासना से एक दिन पूर्व भी ब्रह्मासरोवर में सफाई के इंतजाम अधूरे नजर आए। तमाम दावों के बाद भी ब्रह्मासरोवर में पानी के ऊपर तैरती हुई काई और गंदगी नहीं छटी। यह तब है जब सोमवार को मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को इस संबंध में आदेश भी दे दिए। मगर स्थिति नहीं बदली।
गौरतलब है कि सोमवार को दूर दराज के क्षेत्रों से हजारों की तादाद में श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए धर्मनगरी आएंगे। ब्रह्मासरोवर पर विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न पूर्वांचल संस्थाओं की ओर से ब्रह्मासरोवर पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालु सांय को सरोवर के जल में प्रवेश कर जाएंगे और अंधेरा होने के बाद बाहर निकलेंगे और इसी तरह सुबह अंधेरे में ही जल में प्रवेश करेंगे। ऐसे में सीढि़यों पर जमी काई और गंदगी श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत बन सकती है। अगर हालात नहीं सुधरे तो श्रद्धालुओं को जान-माल का नुकसान उठाना पड़ सकता है। अखिल भारतीय पूर्वांचल समाज सभा प्रधान राकेश शर्मा ने बताया कि कई दिन पहले ही आयोजन को लेकर प्रशासन को पत्र सौंपा गया और प्रशासन के सामने यह समस्या भी उठाई गई, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। सोमवार को भी ब्रह्मासरोवर में मंदिर के किनारे काई और गंदगी पानी के ऊपर तैरती हुई साफ दिखाई दी। यह प्रशासन की लापरवाही है। मुख्यमंत्री ने भी इस मामले में अधिकारियों को एक दिन पहले ही आदेश दिए। ऐसे में प्रशासन को इसमें कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। छठ पर्व सेवा समिति प्रधान संतोष पासवान ने कहा कि यह पूर्वांचल लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहा है। प्रशासन को इस बारे में पहले ही सूचित कर दिया गया था, फिर भी तैयारियां अधूरी ही हैं। हालांकि लाइट के प्रबंध सरोवर पर ठीक हैं। लिया जाएगा संज्ञान : संयम गर्ग केडीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संयम गर्ग ने बताया कि उन्होंने रविवार को ही संबंधित अधिकारियों को ब्रह्मासरोवर पर साफ-सफाई के निर्देश दे दिए थे। इस मामले में अगर अभी भी कमियां हैं तो वे इस पर संज्ञान लेंगे और अधिकारियों को अभी जांच कराने के लिए आदेश देंगे। मंगलवार आयोजन से पहले ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी।