जयराम विद्यापीठ में वेबिनार पर 15 देशों से हजारों लोग जुड़ेंगे
जयराम विद्यापीठ में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पर शुक्रवार को वेबिनार में 15 देशों से हजारों लोग जुड़ेंगे। इसके लिए श्रीजयराम शिक्षण संस्थान के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जयराम विद्यापीठ में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पर शुक्रवार को वेबिनार में 15 देशों से हजारों लोग जुड़ेंगे। इसके लिए श्रीजयराम शिक्षण संस्थान के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई हैं। श्री जयराम बीएड कालेज की प्राचार्या एवं वेबिनार की समन्वयक डा. प्रतिभा श्योकंद ने बताया कि वेबिनार के संयोजक एवं विद्वान डा. कृष्ण के मार्गदर्शन में 25 दिसंबर को सुबह 11 बजे गूगल मीट, फेसबुक एवं यू-ट्यूब से वेबिनार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वेबिनार में सुबह 11 से दोपहर बाद दो बजे तक आधुनिक जीवन में गीता का महत्व विषय पर होगा। जयराम संस्थाओं के भारत, अमेरिका, आस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, इंग्लैंड विभिन्न 15 से अधिक देशों में बैठे ट्रस्टी, श्रद्धालु एवं विद्वान जुड़ेंगे। शिमला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पद्मश्री प्रो. राजेंद्र मिश्र, राष्ट्रपति से सम्मानित पूर्व कुलपति प्रो. महाबीर अग्रवाल, पद्मश्री डा. रमाकांत शुक्ल, डा. विक्रम कुमार विवेकी, वादरायण पुरस्कार प्राप्त संस्कृत विभाध्यक्ष उदयपुर नीरज शर्मा वेबिनार में अपना विशेष व्याख्यान देंगे। इसके साथ ही जयराम शिक्षण संस्थानों से 25 हजार से अधिक विद्यार्थी ऑनलाइन सामूहिक गीता श्लोकोच्चारण व गीता के महत्व पर व्याख्यान करेंगे। इसके लिए टेक्निकल टीम गठित की गई है। जिसका संयोजक डा. कृष्ण शर्मा, समन्वयक डा. रजनी नागपाल को बनाया गया है।
इसके साथ ही डा. प्रतिभा श्योकंद सहित इंजीनियर मनप्रीत कौर, इंजीनियर राहुल अरोड़ा, इंजीनियर राजेश गौरया, डा. पूनम शर्मा, डा. शालिनी सिंह, डा. रोजी धीमान व डा. विशु सिघल को जिम्मेदारी दी गई है। जयराम संस्थाओं के मीडिया प्रभारी राजेश सिगला ने बताया कि 25 दिसंबर सायं को चार बजे ब्रह्मसरोवर के चारों ओर परिक्रमा करते हुए भव्य गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी।