हरियाणा के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के बल पर विश्व में नाम कर रहे रोशन : ढांडा
महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर पूरे विश्व में प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर पूरे विश्व में प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। यह सब युवा पीढ़ी की मजबूत इच्छा शक्ति और कड़ी मेहनत से संभव हो पा रहा है। प्रदेश की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सांसद खेल स्पर्धा जैसे कार्यक्रमों की शुरुआत की है।
उन्होंने ये बात द्रोणाचार्य स्टेडियम में आजादी के अमृत महोत्सव पर सांसद खेल स्पर्धा के दूसरे दिन के सायंकालीन सत्र में बतौर मुख्यातिथि कही। उन्होंने इससे पहले सांसद नायब सिंह सैनी, ओलिपियन योगेश्वर दत्त, खेल आयोजन कमेटी के अध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, समाजसेवी मुकुंद लाल सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी व हरियाणा घुमंतू जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जयसिंह पाल ने कबड्डी और कुश्ती का शुभारंभ किया। सर्कल कबड्डी के मैच में पिपली ने रादौर को 29-20 के अंतर से हराया। कुश्ती के एक मैच में थानेसर की सपना ने कैथल की प्रियंका को हराया।
कमलेश ढांडा ने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा के माध्यम से स्थानीय खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं को एक बेहतर मंच देना हमारी सरकार का उद्देश्य है। हरियाणा में खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को नौकरी दी जा रही हैं। प्रदेश में 450 से ज्यादा खेल नर्सरियां चल रही हैं और एक ही जगह पर हर तरह की खेल की सुविधाएं मिल रही हैं। सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों को प्रतिदिन 400 रुपये खुराक भत्ता मिलता है। इससे प्रदेश के हजारों खिलाड़ियों को लाभ मिल रहा है। इस मौके पर सुशील राणा, सुनील कुमार, हरमेश सैनी, बीबी करतार कौर, श्याम लाल जांगड़ा, देशराज शर्मा, रेणू खुग्गर, रीना कन्यान, परमजीत कश्यप, पृथ्वी सिंह, गुरनाम मंगौली, रविद्र कुमार, ब्लाक समिति के पूर्व चेयरमैन देवी दयाल शर्मा, अमित रोहिल्ला, रमेश सैनी, बालकिशन दुआ, राकेश पुरोहित, रविद्र सैनी, सुरेश सैनी, अन्नू माल्याण व दरबारा सिंह मौजूद रहे।