किसान अपने हकों की लड़ाई जीतकर ही वापस लौटेगा : मेवा सिंह
लाडवा विधायक मेवा सिंह ने कहा कि हकों की इस ऐतिहासिक लड़ाई में किसानों की जीत होगी और किसान कानून रद होने के बाद ही वापस लौटेगा। यह लड़ाई सिर्फ किसानों की लड़ाई ना होकर मेहनतकश वर्ग की पूंजीपतियों से लड़ाई है और किसान आंदोलन आज अंतरराष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है।
संवाद सूत्र, बाबैन : लाडवा विधायक मेवा सिंह ने कहा कि हकों की इस ऐतिहासिक लड़ाई में किसानों की जीत होगी और किसान कानून रद होने के बाद ही वापस लौटेगा। यह लड़ाई सिर्फ किसानों की लड़ाई ना होकर मेहनतकश वर्ग की पूंजीपतियों से लड़ाई है और किसान आंदोलन आज अंतरराष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। वे कांग्रेसी नेता सतबीर यारा के कार्यालय पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
मेवा सिंह ने कहा कि सरकार को किसान की आवाज समझनी चाहिए, ना कि धृतराष्ट्र बनकर सत्ता के लोभ में उनकी आवाज दबाने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में 60 ज्यादा किसान शहीद हो चुके हैं और इतनी धुंध, बारिश, ठंड में छोटे-छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग दिल्ली बार्डर पर आंदोलन पर बैठे है, लेकिन सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की बात समझनी चाहिए और अपना अहंकार त्यागकर काले कानून वापसी की घोषणा करनी चाहिए। इस मौके पर पूर्व ब्लाक प्रधान जयपाल पांचाल, संजीव भूखड़ी, श्याम सिंह गुहन, भाग सिंह, रोमी शर्मा व सुखविद्र सिंह मौजूद रहे।