कुवि के छह विद्यार्थियों का कैंपस प्लेसमेंट
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिग एंड टेक्नोलाजी (यूआइईटी) और कंप्यूटर साइंस विभाग के छह विद्यार्थियों का आइटी कंपनी डीलर मैट्रिक्स में चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को 4.50 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिलेगा।
- यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिग एंड टेक्नोलाजी व कंप्यूटर साइंस विभाग के विद्यार्थियों ने पाई सफलता जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिग एंड टेक्नोलाजी (यूआइईटी) और कंप्यूटर साइंस विभाग के छह विद्यार्थियों का आइटी कंपनी डीलर मैट्रिक्स में चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को 4.50 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिलेगा। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। कुलसचिव डा. संजीव शर्मा ने कहा कि कोविड काल में भी कुवि के शिक्षक निरंतर आनलाइन कक्षाएं लगाकर पढ़ाई करवाने के साथ-साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने में लगे हैं। उनकी इसी लगन का परिणाम है कि विद्यार्थी सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कुवि के प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र के को-आर्डिनेटर डा. महेंद्र सिंह ने बताया कि डीलर मैट्रिक्स एक जानी-मानी आईटी कंपनी है। इन विद्यार्थियों का चयन आनलाइन कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम के तहत हुआ है। यूआइईटी और कंप्यूटर साइंस विभाग के लगभग 80 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था।
दो चरणों में लिया साक्षात्कार
परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थियों का दो चरणों में साक्षात्कार लिया गया। व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर छह विद्यार्थियों का चयन साफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में किया गया। चयनित विद्यार्थियों में रिषिता अग्रवाल, कुशाग्रा गुप्ता, वैभव कुमार, माजिद, गरिमा गुप्ता और सचिन पुंडीर शामिल हैं। डा. सुनील ढींगड़ा ने भी विद्यार्थियों के चयन पर प्रसन्नता जताई है। यूआइईटी के को-आर्डिनेटर डा. निखिल मारीवाला, कंप्यूटर साइंस के प्लेसमेंट इंचार्ज डा. चंद्रकांत और विद्यार्थियों की टीम ने इस पूरी प्लेसमेंट प्रक्रिया को संपन्न करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।