बम-बम भोले के उद्घोष से गूंज उठी धर्मनगरी
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : श्रावण मास के पहले सोमवार को धर्मनगरी बम-बम भोले, ओम नम: शिवाय
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : श्रावण मास के पहले सोमवार को धर्मनगरी बम-बम भोले, ओम नम: शिवाय के पवित्र उद्घोष से गुंजायमान हो गई। तड़के ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक पंचामृत से किया गया। पूरा दिन शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा पड़ा। कुछ ने नंदी महाराज के कान में अपनी मन्नत पूरी होने की अर्जी लगाई तो कुछ श्रद्धालु दंडवत प्रणाम करते हुए मंदिर में परिसर पहुंचे। पूरी धर्मनगरी आस्था में डूब गई।
दुखभंजन महादेव मंदिर में श्रावण मास के पहले सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र व धतूरे के पत्ते चढ़ाकर भगवान शिव की उपासना की। श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक किया। मंदिर पहुंचने वाले कांवड़ियों ने भी भगवान दुखभंजन पर गंगा जल अर्पित कर अपनी इच्छा पूर्ति की कामना की। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को कुरुक्षेत्र के एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक ने श्री दुखभंजन महादेव मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना की और देश-प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। मलिक ने वेद मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।
वहीं स्थाण्वीश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर मन्नतें मांगी। भगवान शिव का दूध, दही, घी, शहद व गंगा जल से अभिषेक किया गया। बच्चे, युवा और वृद्ध सभी भगवान शिव की भक्ति में भाव विभोर नजर आए। शिव भक्तों ने घंटों एक ही स्थान पर बैठकर पूजा की। कालेश्वर तीर्थ पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कमल पुष्प चढ़ाकर किया। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष तौर पर बनाया गया खीर का प्रसाद दिया गया। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष तौर पर भंडारे का आयोजन किया गया। दिन भर श्रद्धालुओं की कतारें मंदिर परिसर में लगी रही। वहीं दुखभंजन महादेव मंदिर में शिव कथा से पूर्व कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रधान यशेंद्र शर्मा, मुख्य सलाहकार जयनारायण शर्मा, संरक्षक डॉ. सतदेव, श्रीप्रकाश मिश्रा, कृष्ण कौशिक एडवोकेट, बार एसोसिएशन के प्रधान मनोज कौशिक, सभा के प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा, शिवशक्ति सेवा मंडल के प्रधान एम के मोदगिल, सभा के वरिष्ठ उपप्रधान पवन शर्मा पौनी, पवन आश्री, नगर पार्षद नितिन भारद्वाज लाली, पंकज चोचड़ा, मनोज वशिष्ठ, राजेंद्र जोशी, प्रसिद्ध कथावाचक राजेंद्र पराशर, चंद्रशेखर, प्रदीप मिश्रा, ओमगोपाल शर्मा, ओमप्रकाश रीतवाल, श्याम तिवारी, अनिरुद्ध शर्मा हन्नी सहित सभा के अनेक पदाधिकारियों ने एसडीएम मलिक का मंदिर में पहुंचने पर स्वागत किया।