शाहाबाद विधायक ने किसानों की मांगों का किया समर्थन
संवाद सहयोगी शाहाबाद शाहाबाद से जजपा के विधायक रामकरण काला ने किसानों की मांगों का
संवाद सहयोगी, शाहाबाद : शाहाबाद से जजपा के विधायक रामकरण काला ने किसानों की मांगों को जायज बताते हुए उनको अपना समर्थन दे दिया है। उन्होंने कहा कि यह उनकी निजी राय है कि किसान, व्यापारी और मजदूरों की मांग को देखते हुए इन अध्यादेशों को प्रदेश में लागू न किया जाए।
वे मंगलवार को शहीद ऊधम सिंह स्मारक में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विधायक ने कहा कि पिपली रैली के पश्चात वह कई गावों में गए हैं। उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी राय भी ली है। सभी किसानों ने अध्यादेश लागू न करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह किसानों की इस मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से मिलेंगे। उनका प्रयास किसानों की मांग पर मुहर लगवाना रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान यहां के किसानों से है इसलिए किसानों को किसी भी सूरत में निराश नहीं होने दिया जाएगा। विधायक ने दोहराते हुए कहा कि पिपली रैली में बिना वर्दी के लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मचारियों पर कार्रवाई करने और किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस करने की भी मांग की है। इस अवसर पर विधायक के राजनीतिक सचिव विष्णु भगवान गुप्ता, प्रवीन शर्मा लक्की, डा. गुलशन क्वात्रा, सुरेंद्र पाल सिंह लाली, मनजीत सिंह व सतिद्र सिंह मौजूद रहे।