किशोरी ने उपचार के पांचवें दिन पीजीआइ में तोड़ा दम, प्रेमी से आहत होकर लगाई थी आग
प्रेम प्रसंग में धोखा खाने से आहत आग लगाने से झुलसी कस्बे की एक कालोनी की एक किशोरी ने पांच दिन बाद उपचार के दौरान चंडीगढ़ पीजीआइ में दम तोड़ दिया।
संवाद सहयोगी, लाडवा : प्रेम प्रसंग में धोखा खाने से आहत आग लगाने से झुलसी कस्बे की एक कालोनी की एक किशोरी ने पांच दिन बाद उपचार के दौरान चंडीगढ़ पीजीआइ में दम तोड़ दिया। आरोप है कि उसके प्रेमी ने ही उसको आग लगाने के लिए तेल लाकर दिया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर शव स्वजनों को सौंप दिया। लाडवा में किशोरी का अंतिम संस्कार किया गया।
किशोरी के मामा ने थाना लाडवा पुलिस को शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसकी बहन का तलाक हो गया था। उस समय उसकी एक बेटी थी। उसकी बहन की कुछ साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उसकी भांजी उनके पास ही रह रही थी। कुछ समय पहले उसकी भांजी को गांव बडौंदी निवासी आजाद ने अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। उसकी भांजी ने उसे बताया कि आजाद उसके साथ प्रेम विवाह करना चाहता है। उन्होंने उसे पहले ही आगाह किया था। कुछ दिन बाद उसने फिर से कहा कि आजाद उससे शादी नहीं करना चाहता और धमकी देता है। सात अप्रैल को उसकी भांजी ने बताया कि आजाद ने उससे दोस्ती तोड़ दी है। उसी रात को करीब 10 बजे उसकी भांजी जलती हुई छत से नीचे गिर गई। उन्होंने तुरंत अपनी भांजी को लाडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया था। गंभीर हालत के चलते उसे पहले करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कालेज और बाद में चंडीगढ़ पीजीआइ रेफर कर दिया था। करीब पांच दिन बाद चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई।
जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि किशोरी के मामा की शिकायत पर आजाद के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।