मारकंडा नेशनल कालेज के पूर्व छात्र सरताज का पीएम युवा योजना में चयन
शाहाबाद के मारकंडा नेशनल कालेज के पूर्व छात्र सरताज का चयन प्रधानमंत्री युवा योजना के तहत किया गया है। सरताज के चयन पर कालेज के शिक्षकों में खुशी की लहर है। कालेज प्राचार्य डा. अशोक कुमार डा. शालिनी शर्मा व डा. अजय कुमार अरोड़ा ने उसकी इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
फोटो संख्या : 13
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : शाहाबाद के मारकंडा नेशनल कालेज के पूर्व छात्र सरताज का चयन प्रधानमंत्री युवा योजना के तहत किया गया है। सरताज के चयन पर कालेज के शिक्षकों में खुशी की लहर है। कालेज प्राचार्य डा. अशोक कुमार, डा. शालिनी शर्मा व डा. अजय कुमार अरोड़ा ने उसकी इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
सरताज ने बताया कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास शिक्षा मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री युवा योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना का उद्देश्य 30 साल से कम उम्र के युवाओं को सभी 22 भारतीय भाषाओं में लिखने के लिए प्रेरित करना था। इस योजना में उत्कृष्ट व सर्वश्रेष्ठ लेखकों का चयन करने के लिए राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की ओर से एक अखिल भारतीय प्रतियोगिता शुरू की गई। इसी प्रतियोगिता में उसने भी हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में अव्वल आने पर देश भर के 75 युवा लेखकों को चयन किया गया है। इन्हीं में शाहाबाद के सरताज का चयन भी सर्वश्रेष्ठ लेखकों की श्रेणी में किया गया है। सरताज ने बताया कि उसने प्रतियोगिता के लिए डा. अजय कुमार अरोड़ा और डा. शालिनी शर्मा के निर्देशन में कार्य किया। डा. शालिनी शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास शिक्षा मंत्रालय की ओर से उनके लेख पर पुस्तक प्रकाशित की जाएगी।
तीन लाख रुपये मिलेगा पुरस्कार
उन्होंने बताया कि इस योजना के चयनित सर्वश्रेष्ठ लेखकों को पुरस्कार के रूप में तीन लाख रुपए की राशि दी जाएगी और इसके साथ ही नामचीन लेखकों की ओर से उनका मार्गदर्शन किया जाएगा। सरताज इससे पहले भी महाविद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर पर 70 से अधिक निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में पुरस्कार जीत चुके हैं। इन निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में जीत प्राप्त करके सरताज ने इंडिया बुक आफ रिकार्ड में नाम दर्ज करवा रखा है।
40 से अधिक सेमिनारों में शोधपत्र प्रस्तुत
सरताज अब तक 40 से अधिक राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर के सेमिनारों में अपने शोध पत्र प्रस्तुत कर चुका है। इन दिनों सरताज पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के राजनीति विज्ञान विभाग में पढ़ाई कर रहा है।